
प्रेग्नेंसी के 7वें महीने में दीपिका पादुकोण का बड़ा धमाका, नाइट शिफ्ट और एक्शन सीन्स की शूटिंग कर सेट किया नया बेंचमार्क
राका की शूटिंग: एटली की मेगा-बजट साइंस-फिक्शन फैंटेसी एक्शन फिल्म ‘राका’ को समय पर पूरा करने का लिया फैसला
यूपी /डेस्क: बॉलीवुड से लेकर ग्लोबल सिनेमा तक अपनी खास पहचान बना चुकीं सुपरस्टार दीपिका पादुकोण ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उन्हें इंडस्ट्री की सबसे प्रोफेशनल एक्ट्रेसेस में क्यों गिना जाता है। आज की एक्ट्रेसेस होने वाली मांओं को लेकर बने पुराने ढर्रे और नियमों को लगातार बदल रही हैं। जहां हॉलीवुड अभिनेत्री ऐन हैथवे ने अपनी दूसरी तिमाही (सेकंड ट्राइमेस्टर) में हाई हील्स पहनकर रेड कार्पेट पर ग्लैमर और आत्मविश्वास की मिसाल पेश की थी, वहीं दीपिका पादुकोण अपनी तीसरी तिमाही (थर्ड ट्राइमेस्टर) में भी अपनी आने वाली फिल्म ‘राका’ की शूटिंग में दिन-रात जुटी हुई हैं।
वैरायटी इंडिया की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, दीपिका पादुकोण इन दिनों अपनी सात महीने की प्रेग्नेंसी के बावजूद फिल्म ‘राका’ के सेट पर हर दिन बिना रुके काम कर रही हैं। दीपिका हमेशा से ही आठ घंटे की तय वर्क शिफ्ट और वर्क-लाइफ बैलेंस की वकालत करती रही हैं, लेकिन जब बात अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट की आई, तो उन्होंने मैटरनिटी लीव पर जाने से पहले इस बड़े प्रोजेक्ट को तय समय पर पूरा करने को प्राथमिकता दी। वह न सिर्फ नाइट शिफ्ट में काम कर रही हैं, बल्कि शारीरिक रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण और हाई-ऑक्टेन एक्शन सीन्स को भी सफलतापूर्वक शूट कर रही हैं।
सेट पर हर कोई हैरान, टीम ने बांधे तारीफों के पुल
दीपिका के इस जज्बे और डेडिकेशन से ‘राका’ की पूरी टीम बेहद प्रभावित है। सेट के एक सदस्य ने इस बारे में बात करते हुए कहा दीपिका ने मैटरनिटी ब्रेक पर जाने से पहले हर हाल में इस फिल्म को पूरा करने का फैसला किया था। कुछ एक्शन सीक्वेंस शारीरिक तौर पर बेहद मुश्किल और थका देने वाले थे, लेकिन इन चुनौतियों के बावजूद उन्होंने सब कुछ बेहद आसानी और सफलतापूर्वक पूरा किया। सेट पर मौजूद हर शख्स के लिए दीपिका को इस तरह काम करते देखना प्रेरणादायक है। इस सब के बीच यह भी नहीं भूलना चाहिए कि घर पर उनकी डेढ़ साल की बेटी भी है, जिसे वह पूरा समय और प्यार देती हैं।”
2027 की सबसे बड़ी पैन-इंडिया फिल्मों में शामिल है ‘राका’
आपको बता दें कि ‘राका’ मशहूर डायरेक्टर एटली की एक बेहद महत्वाकांक्षी साइंस-फिक्शन फैंटेसी एक्शन फिल्म है। इस बड़े स्तर की पैन-इंडिया फिल्म में साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण पहली बार लीड रोल में एक साथ नजर आने वाले हैं। शानदार विजुअल्स और जबरदस्त एक्शन से भरपूर इस फिल्म को साल 2027 की सबसे बहुप्रतीक्षित (मोस्ट अवेटेड) थिएट्रिकल रिलीज में से एक माना जा रहा है।
इस शानदार अपडेट के साथ, दीपिका पादुकोण ने न सिर्फ अपनी आने वाली फिल्म के लिए उत्सुकता बढ़ा दी है, बल्कि भारतीय सिनेमा में प्रोफेशनल कमिटमेंट और वुमन पावर की एक नई व अनूठी मिसाल भी कायम की है।