
लखनऊ में बिजली का करंट बना काल, 19 वर्षीय युवक की जान गई
तेलीबाग स्थित शनि मंदिर के पास मंगलवार सुबह करीब 7 बजे हुए दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक चाय की दुकान से मसाला लेने पास की पान की गुमटी पर गया था। गुमटी के पास लगे बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल पीजीआई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान दिलीप कुमार (19) पुत्र बरसाती लाल, निवासी लालूही, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। वह हरदोई निवासी सुशील की तेलीबाग स्थित चाय की दुकान पर काम करता था। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय वह दुकान से कुछ दूरी पर स्थित पान की गुमटी से मसाला लेने गया था। इसी दौरान बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आ गया।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजने के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।