
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बढ़ाया डिजिटल कदम, अब होगी पेपरलेस कार्यप्रणाली
LUCKNOW LIVE: लखनऊ विश्वविद्यालय में आज 31 जुलाई से पेपरलेस वर्किंग शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय के 69वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने ई-ऑफिस का उद्घाटन किया। दीक्षांत समारोह KGMU के अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में मनाया गया। कुलाधिपति ने कुल 1 लाख 25 हजार 239 स्टूडेंट्स को डिजिटल डिग्री प्रदान की। कुलपति जेपी सैनी ने बताया कि विश्वविद्यालय में 44 देशों के युवा पढ़ रहे हैं।

इस समय कुल छात्र-छात्राओं में 93536 स्नातक, 31006 परास्नातक, 419 डिप्लोमा और 30 ऑनलाइन शिक्षा के स्टूडेंट्स हैं। इसके अलावा 248 रिसर्चर को पीएचडी की उपाधि भी दी गई। समारोह में कुल 204 पदक 111 मेधावियों को दिए गए, जिनमें 80 छात्राओं और 31 छात्रों के नाम शामिल हैं।

समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने की। नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर मुख्य अतिथि रहे। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी बुलाए गए थे लेकिन वह नहीं आ सके। अतिथियों में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी समारोह में शामिल हुईं।