
पोस्टर के जरिए सपा ने आरक्षण और भ्रष्टाचार पर साधा निशाना
INDIA LIVE: राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच जारी सियासी बयानबाजी अब पोस्टर वॉर तक पहुंच गई है। विक्रमादित्य मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर लगाए गए नए पोस्टरों के जरिए सपा ने बीजेपी पर भ्रष्टाचार, चंदा और आरक्षण के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला है। पोस्टरों के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है।
‘चंदा चोरी’ और आरक्षण पर बीजेपी को घेरा
सपा की ओर से लगाए गए एक पोस्टर में लिखा गया है, “चंदा चोरी से चला जिनका घर, अब आरक्षण पर कर रहे हैं प्रश्न।” इसके जरिए पार्टी ने चंदे और आरक्षण के मुद्दे को जोड़ते हुए सत्ता पक्ष पर निशाना साधा है। दूसरे पोस्टर में भी आरक्षण को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाए गए हैं।

पोस्टर में दिखा चुनावी संदेश
मुख्यालय के बाहर लगाए गए एक अन्य पोस्टर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव की तस्वीरों के साथ लिखा गया है, “27 में अखिलेश का राज, 29 में डिंपल यादव का ताज।” इसे आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी के राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
प्रतापगढ़ के सपा नेता ने लगाए पोस्टर
जानकारी के अनुसार, ये पोस्टर प्रतापगढ़ के समाजवादी पार्टी नेता हल्लू राम सुंदर यादव की ओर से लगाए गए हैं। पोस्टरों के जरिए सपा ने भ्रष्टाचार और आरक्षण जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए भाजपा पर सीधा हमला बोला है।

यूपी की राजनीति में फिर तेज हुई पोस्टरबाजी
प्रदेश में पहले से चल रही जुबानी जंग के बीच अब पोस्टर वॉर ने भी राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। सपा मुख्यालय के बाहर लगे इन पोस्टरों को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और आने वाले दिनों में इस पर सत्ता पक्ष की प्रतिक्रिया भी अहम मानी जा रही है।