diwali horizontal

मनोज बाजपेयी निभाएंगे महात्मा गांधी का किरदार, सुधीर मिश्रा और अनुभव सिन्हा की नई फिल्म का ऐलान

0 37

मनोरंजन डेस्क : नेशनल अवॉर्ड विनर मनोज बाजपेयी अपने करियर में पहली बार महात्मा गांधी के आइकॉनिक किरदार में नजर आने वाले हैं। भारत की आजादी के इतिहास के एक कम चर्चित 21 दिनों के घटनाक्रम पर आधारित इस ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म का निर्देशन सुधीर मिश्रा कर रहे हैं, जबकि अनुभव सिन्हा (बनारस मीडिया वर्क्स) और नरेंद्र हिरावत (एनएच स्टूडियोज) इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में मनोज बाजपेयी के साथ बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता सौरभ शुक्ला भी मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे।

फिल्म उस दौर की कहानी बयां करती है जब देश आजादी के मुहाने पर खड़ा था और दिल्ली सत्ता का मुख्य केंद्र बन रही थी। उसी दौरान महात्मा गांधी ने एक अप्रत्याशित फैसला लेते हुए दिल्ली से दूर जाने का रास्ता चुना। इतिहास की किताबें अक्सर इस दौर की केवल ऊपरी घटनाओं का जिक्र करती हैं, लेकिन यह फिल्म उस ऐतिहासिक फैसले के पीछे छिपे असली कारणों और गांधी जी की गहन व्यक्तिगत यात्रा को बड़े पर्दे पर जीवंत करेगी।

‘मुल्क’, ‘आर्टिकल 15’ और ‘थप्पड़’ जैसी प्रभावशाली फिल्में देने वाले अनुभव सिन्हा और ‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी’ व ‘धारावी’ जैसी मॉडर्न क्लासिक फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले सुधीर मिश्रा का यह साथ हिंदी सिनेमा के लिए बेहद खास माना जा रहा है। तीन बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुके सुधीर मिश्रा की लंबे समय बाद इस फिल्म के जरिए सिनेमाघरों में वापसी हो रही है।

आजादी के विशाल इतिहास को एक बेहद व्यक्तिगत और मानवीय दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने वाली यह महत्वाकांक्षी फिल्म दर्शकों को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के एक ऐसे अनछुए पहलू से रूबरू कराएगी, जिसके बारे में अब तक बहुत कम लोग जानते हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.