diwali horizontal

एराफेस्टा में छात्रों ने सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताओं में दिखाया अपना दम

0 14

लखनऊ। एरा यूनिवर्सिटी में आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक और खेल महोत्सव ‘एराफेस्टा’ का समापन बेहद भव्य अंदाज में हुआ। इस दौरान छात्रों ने गायन, नृत्य, दास्तानगोई, मुशायरा और फैशन शो के साथ-साथ क्रिकेट, फुटबॉल और रेसिंग जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। महोत्सव में विज्ञान, एलाइड हेल्थ एंड साइंसेज, फार्मेसी और नर्सिंग संकायों के छात्रों ने वारियर्स, स्पार्टन्स, पैंथर्स और ट्रोजन्स हाउस के बैनर तले अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

​मेन ग्राउंड पर आयोजित समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि प्रो. साबिरा हबीब मौजूद रहीं। उनके साथ प्रो-वाइस चांसलर प्रो. डॉ. फरजाना मेहदी, चेयरपर्सन प्रो. डॉ. गज़ाला ज़ैदी, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. डॉ. तनवीर खदीजा तथा सांस्कृतिक व खेल प्रभारी डॉ. रूपाली मिर्जा और डॉ. शलभ कुमार सिंह उपस्थित रहे। इससे पूर्व 12 नवंबर को प्रो. डॉ. फरजाना मेहदी ने महोत्सव का उद्घाटन किया था।

​समारोह की शुरुआत एराफेस्टा की झलकियों से हुई, जिसके बाद समूह गायन और नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। छात्रों ने ‘इश्क सूफियाना’, ‘मन मस्त मगन’, ‘काली-काली जुल्फों के फंदे’ और ‘दमादम मस्त कलंदर’ जैसे गीतों पर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। हसन बाक़री और दुरफिशां फातिमा ने ‘फेस्टिवल ऑफ अवध’ विषय पर दास्तानगोई के जरिए अवध के पर्वों की विशेषता बताई। वहीं ‘खतों का जमाना, मोहब्बत का फंसाना’ विषय पर हुए मुशायरे में छात्रों ने शानदार शेर सुनाए।

फैशन शो में प्रतिभागियों ने ‘ट्रैश टू ट्रेजर’ के तहत कबाड़ से बने परिधानों और अस्सी के दशक के रेट्रो स्टाइल में रैम्प वॉक किया। छात्रों ने खानपान, कैलीग्राफी, सूट, हिजाब और कृत्रिम आभूषणों के स्टॉल भी लगाए। ​प्रतियोगिताओं के परिणामों में वारियर्स टीम के रेहान, रूहान, सानिया और कौसर रिजवी ने मुशायरा जीता, जबकि दास्तानगोई की ट्रॉफी वारियर्स के हसन बाक़री व दुरफिशां के नाम रही।

मुनव्वर अली ने एकल गायन और पैंथर्स टीम के हल्के गुल, अली रिजवी, अलीज़ा, ज़ैनब फ़ातिमा, समाना क़ासिम व मिधत रिज़वी ने समूह गायन में बाजी मारी। एकल नृत्य में सानिया और समूह नृत्य में वारियर्स टीम विजयी रही। ‘ट्रैश टू ट्रेजर’ का खिताब अनीस फातिमा, नश्ता, महिना, हना और वानिया ने जीता। फैशन शो में फ़ज़ल ‘मिस्टर एरा फेस्टा’, फरीहा सैयदा ‘मिसेज़ एरा फेस्टा’, फरज़ान ‘बेस्ट अटायर’ और बतूल ज़हरा ‘चैरिस्मैटिक पर्सनालिटी’ चुनी गईं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.