diwali horizontal

सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप 24 नवंबर से, लखनऊ करेगा देश विदेश के बेहतरीन शटलरों की मेजबानी

0 19

लखनऊ: गोमतीनगर स्थित योनेक्स सनराइज बीबीडी यूपी बैडमिंटन अकादमी में 24 से 29 नवंबर तक ‘सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप’ का आयोजन किया जाएगा। कुल 2,50,000 अमेरिकी डॉलर की इनामी राशि वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 22 देशों के 269 शटलर पांच वर्गों—पुरुष एकल, महिला एकल, पुरुष युगल, महिला युगल और मिश्रित युगल—में जोर आजमाएंगे।

​रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन (यूपीबीए) के चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल ने बताया कि मेजबान भारत का सबसे बड़ा 146 सदस्यीय दल मैदान में उतरेगा। इसके अलावा मलेशिया के 20, इंडोनेशिया के 19 और थाईलैंड के 17 खिलाड़ी शामिल हैं। सभी पांच वर्गों के मुख्य ड्रॉ में 32-32 खिलाड़ी या जोड़ियां होंगी, जिनमें 28 को सीधा प्रवेश और चार को क्वालीफाइंग के जरिए जगह मिलेगी। क्वालीफाइंग मुकाबले 24 नवंबर को होंगे, जबकि फाइनल 29 नवंबर को खेला जाएगा।

​पुरुष एकल में भारत के अनुभवी एचएस प्रणय को तीसरी वरीयता मिली है, जबकि सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह शीर्ष और मलेशिया के ली जी जिया दूसरी वरीयता पर हैं। थारुण मन्नपल्ली आठवीं वरीयता के साथ उतरेंगे। महिला एकल में जापान की रिको गुंजी शीर्ष वरीय हैं, जबकि भारत की तन्वी शर्मा को दूसरी और उन्नति हुड्डा को तीसरी वरीयता दी गई है। महिला युगल में गत विजेता त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद पी शीर्ष वरीय जोड़ी के रूप में खिताब बचाने उतरेंगी। पुरुष युगल में हरिहरन आमसाकरुणन व एमआर अर्जुन को तीसरी, जबकि मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला व तनीषा क्रैस्टो को शीर्ष वरीयता मिली है। यूपी से श्रुति मिश्रा (प्रिया के साथ महिला युगल) और मानसी सिंह (महिला एकल) मुख्य ड्रॉ में चुनौती पेश करेंगी।

​अभ्यास के लिए बीबीडी अकादमी के साथ ओमैक्स हाइट्स स्थित गौरव खन्ना एक्सीलिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की सुविधा दी जाएगी। दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रहेगा तथा सेमीफाइनल और फाइनल का सजीव प्रसारण दूरदर्शन व वेब ओटीटी पर होगा। यूपीबीए अध्यक्ष विराज सागर दास ने आयोजन के लिए प्रदेश सरकार व सहयोगी संस्थाओं का आभार जताया। प्रेस वार्ता की शुरुआत में दो नवंबर को दिवंगत हुए यूपीबीए सचिव डॉ. सुधर्मा सिंह की याद में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.