
काशी में भव्य देव दीपावली का नजारा, 11 लाख दीयों से जगमगाए घाट
UTTAR PRADESH LIVE: काशी में देव दीपावली मनाई जा रही है। नमो घाट पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने पहला दीप जलाया। इसके साथ ही काशी के 84 घाटों पर करीब 11 लाख दीये जलाए गए। गंगा के सभी घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठे हैं।
देव दीपावली देखने के लिए 40 देशों से मेहमान काशी पहुंचे हैं। करीब 15 लाख पर्यटक पहुंचे हैं। घाटों पर गंगा आरती, लेजर शो, ड्रोन शो और आतिशबाजी देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं।
काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर नमो घाट और हरिश्चंद्र घाट तक आकर्षक सजावट की गई है। रंग-बिरंगी रोशनी से मंदिर जगमगा रहे हैं। मसान घाट की सजावट भी लोगों का ध्यान खींच रही है।
विदेशी पर्यटकों ने देव दीपावली की भव्यता की जमकर तारीफ की। अमेरिका से आयी जेमिमा ने कहा- मुझे इतने बड़े उत्सव की उम्मीद नहीं थी। ग्रीस की एलेक्सिया ने कहा- भारत खूबसूरत और आध्यात्मिक देश है। हर किसी को जीवन में कम से कम एक बार काशी जरूर आना चाहिए।