diwali horizontal

UP में आने वाले 5 दिनों में भीषण गर्मी के आसार, 29 मई से मिल सकती है राहत

0 322

लखनऊ : मई के आखिरी हफ्ते में पूरे प्रदेश में गर्मी का सितम जारी है। प्रयागराज में सोमवार को दिन का तापमान 47 के पार चला गया। भीषण लू में जकड़े संगम नगरी में तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह देश के सबसे गर्म शहर राजस्थान के चुरू को टक्कर दे रहा है। जहां 47.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यानी चुरू से थोड़ा ही कम। प्रयागराज के अलावा बांदा, झांसी, आगरा, कानपुर जैसे शहर भी भीषण लू की चपेट में हैं। बांदा में 46.6, आगरा में 46.3 जबकि झांसी में 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के 8 ऐसे शहर रहे जहां सोमवार को पारा 45 के पार पहुंच गया. ये सिलसिला अगले 2 दिन और जारी रहने वाला है।

तपिश का आलम ये है कि अब प्रदेश में कोई ऐसा शहर नहीं बचा है जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे हो। वाराणसी में 45.8, बरेली में 42.1, कानपुर में 45.4 जबकि लखीमपुर खीरी में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। गोरखपुर और बलिया में जहां अब तक तापमान 34 डिग्री के नीचे रहता था वहां भी 42 के पार चला गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि तपिश और लू का ये सिलसिला अभी 2-3 दिन जारी रहेगा। कई जगहों पर तापमान में और उछाल आ सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर में सावधानी से ही बाहर निकलने की सलाह दी गयी है।

28 मई से मौसम में बदलाव के कारण आंधी बारिश की संभावना जताई गई है। इसकी शुरुआत इस बार पूरब के जिलों से होगी। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि 28 मई की शाम या रात से देवरिया, कुशीनगर, बलिया, बलरामपुर और बहराइच में मौसम बदल जायेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं आंधी और बारिश होगी। इसकी वजह से तापमान में गिरावट आ जायेगी।

बता दें कि इन जिलों में अभी 42 डिग्री के आस-पास तापमान चल रहा है। इसमें 5 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 29 मई को प्रदेश के दूसरे जिलों में भी इसका असर दिखना शुरू हो जाएगा। इस दिन ऊपर लिखे जिलों के अलावा वाराणसी, जौनपुर, गाज़ीपुर, सुल्तानपुर और बाराबंकी तक मौसम बदल जायेगा। आंधी-बारिश से तापमान में काफी गिरावट आ जायेगी। सबसे ज्यादा राहत तो प्रयागराज वालों को मिलेगी जहां पारा 47 के पार चला गया है। बारिश की बूंदों से यहां भी तापमान 40 के नीचे आ जायेगा

Leave A Reply

Your email address will not be published.