
24 घंटो के दौरान शहर में हुई लूट की दूसरी वारदात
लखनऊ : पीजीआई के वृन्दावन मे मेडिकल स्टोर संचालक से हुई लूट की वारदात को अभी 24 घंटे भी नही बीते थे कि लूट की दूसरी वारदात को बदमाशो ने तालकटोरो थाना क्षेत्र मे दिन दिहाड़े अन्जाम देकर पुलिस को एक और चुनौती दे डाली। तालकटोरा के मीना बेकरी के पास पल्सर मोटर साईकिल सवार बदमाशो द्वारा कामर्शियल टैक्स विभाग से रिटायर बुजुर्ग के हाथ से उस समय नोटो से भरा पर्स लूट लिया जब वो अपने पुत्र की मोटर साईकिल पर सवार होकर बैक से पैसा निकाल कर वापस अपने घर जा रहे थे। दिन दिहाडे हुई लूट की सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी व तालकटोरा पुलिस मौके पर पहुॅची और नाका बन्दी कर चेकिंग शुरू करवाई गई लेकिन लुटेरो का पता नही चल सका। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज खंगाल रही है। एसीपी का कहना है कि बदमाशो द्वारा 42 हज़ार रूपए लूटे गए है बदमाशों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार कामर्शियल टैक्स विभाग से रिटायर 65 वर्षीय बुजुर्ग हृदय नारायण वर्मा अपने परिवार के साथ तालकटोरा थाना क्षेत्र के एफ ब्लाक राजाजी पुरम मे रहते है। हृदय नारायण वर्मा गुरूवार को अपने पुत्र राजेश वर्मा की मोटर साईकिल पर सवार होकर ऐशबाग की एसबीआई ब्रान्च से 42 हज़ार रूपए निकाल कर मोटर साईकिल से वापस अपने घर जा रहे थे। राजेश वर्मा की मोटर साईकिल मीना बेकरी के पास पहुॅची थी तभी मंगलम ज्वैलर्स के करीब पल्सर मोटर साईकिल पर सवार दो बदमाशो द्वारा मोटर साईकिल पर पीछे नोटो से भरा पर्स पकड़ कर बैठे हृदय नारायण के हाथ से पर्स लूट लिया गया। पर्स लूट की घटना को अन्जाम देकर बदमाश हवा से बाते करते हुए फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ित ने शोर मचाया लेकिन जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस की चिन्ता बढ़ाने वाली दिन दिहाड़े हुई लूट की घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुॅची और नाका बन्दी कर चेकिंग अभियान शुरू करवाया लेकिन बदमाश हत्थे नही चढ़े। एसीपी बाज़ार खाला अनुप कुमार सिंह ने बताया कि मोटर साईकिल सवार बदमाशो द्वारा 42 हज़ार रूपए की लूट की वारदात को अन्जाम दिया गया है बदमाशो की तलाश जारी है। इन्स्पेक्टर तालकटोरा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज की जाॅच की जा रही है उन्होने बताया कि बदमाशो को जल्द गिरफ्तार किए जाने का प्रयास जारी है।