
मिश्रिख सीतापुर : कस्बा मिश्रित के मोहल्ला रन्नुपुर निवासी पूर्व चेयर मैन नगर पालिका परिषद मिश्रित नैमिषारण्य रामशंकर वर्मा पुत्र राम प्रसाद वर्मा ने उपजिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि मोहल्ले के ही निवासी प्रेम प्रकाश मिश्रा, जयप्रकाश मिश्रा, अजय कुमार मिश्र, मलय कुमार, मृदुल कुमार ने विदेह सिंह नायब तहसीलदार मिश्रित एवं क्षेत्रीय लेखपाल आनंद सिंह से मिलकर ट्रैक्टर चालक रंजीत सिंह निवासी वृंदावन से उनके सामने ही मकान के गेट व दीवार को गिरवा दिया है। पीडि़त का आरोप है कि उनका पुश्तैनी मकान मेन रोड गंज के मोहल्ला चंदूपुर कस्बा मिश्रित में स्थित है। 24 जनवरी को उपरोक्त आरोपी उनके सहन में अवैध कब्जा करने की नियत से निर्माण कार्य करा रहे थे।
पीडि़त की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने काम बंद करा दिया था। परंतु 6 जनवरी को आरोपियों ने तहसील के नायब तहसीलदार विदेह सिंह व क्षेत्रीय लेखपाल आनंद सिंह से सांठ गांठ किया। नायब तहसीलदार अपनी बोलेरो से संख्या यूपी 34 जेड 7797 से मौके पर जांच करने हेतु पहुंचे। तभी उनके सामने ही योजनाबद्ध तरीके से आरोपियों ने सोनालिका ट्रैक्टर के चालक रंजीत सिंह से गेट व दीवार में ठोकर मारवाकर गिरवा दिया। पीडि़त ने मामले का शिकायती पत्र उपजिलाधिकारी को देकर सभी आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही करने की मांग की है। इस सम्बंध में नायब तहसीलदार विदेह सिंह से बात की गई तो उन्होंने गैर जिम्मेदाराना बयान देते हुए बताया है कि हम जांच करने के लिए गये थे। तभी किसी ट्रैक्टर वाले ने ठोकर मार कर दीवाल गिरा दी तो इसमें हम क्या कर सकते हैं।