
कानपुर : बादशाहीनाका थानाक्षेत्र के नौघड़ा निवासी अमन बाजपेयी (32) कोपरगंज स्थित प्रिंस होटल में मैनेजर व संचालक थे। शुक्रवार देर रात साढ़े 12 बजे वह होटल से हालसी रोड होते हुए घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक फोन आने पर वह वापस होटल पहुंचे। वहां 16 दिन पहले खुले लग्जरी इन होटल के संचालक हिमांशु गुप्ताए अंशू गुप्ता व उनके साथियों से लेनदेन के पुराने विवाद के चलते झगड़ा हो गया।
अमन ने अपने दोस्त दानाखोरी हरबंशमोहाल निवासी ललित वर्मा को फोन करके बुलाया। ललित के पहुंचते ही आरोपितों ने लाठी डंडे व लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद लग्जरी इन होटल के कर्मचारी रायबरेली निवासी बृजेश यादव उर्फ कल्लू ने लोहे की रॉड से अमन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बचाने पर ललित के सिर पर भी रॉड मारकर आरोपित फरार हो गए। अमन व ललित को अस्पताल ले जाया गया,जहां अमन को मृत घोषित कर दिया गया। कलक्टरगंज थाना प्रभारी संजीवकांत मिश्र ने बताया कि रविवार को कल्लू को कोर्ट में पेश करके जेल भेजा गया है। जल्द ही बाकी आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।