diwali horizontal

Unnao Breaking News

0 172

पूर्व प्रधान के बेटे की हत्या शराब में जहर

औरास:  टिकरा सामद गांव में नौ महीने पहले नाले में मिले पूर्व प्रधान के बेटे की हत्या शराब में जहर देकर की गई थी। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार पूर्व प्रधान के बेटे से एक युवती की नजदीकियां थीं। उसी युवती के संपर्क में दूसरा युवक भी था। इस कारण युवती पूर्व प्रधान के बेटे से दूरियां बनाना चाह रही थी। उसके न मानने पर युवती के पिता ने उसके दूसरे प्रेमी व दो अन्य के साथ मिलकर पूर्व प्रधान के बेटे की हत्या कर दी। न्यायालय ने चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

पूर्व प्रधान उर्मिला देवी पत्नी परमेश्वर के छोटे बेटे धर्मेंद्र (18) का शव 20 अगस्त 2020 को गांव के बगल से निकले सकरैला नाले में पड़ा मिला था। मृतक के माता और पिता ने हत्या कर शव नाले में फेंकने का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने से विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया था। विसरा रिपोर्ट में जहर से मौत की पुष्टि हुई थी। परमेश्वर ने 17 सितंबर 2020 को गांव के लक्ष्मण, राहुल कनौजिया, संजीत कुमार, उसके भाई रंजीत कनौजिया के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने गुरुवार सुबह चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। आरोपियों ने बताया कि धर्मेंद्र की गांव के लक्ष्मण की बेटी से नजदीकियां थी। इसी गांव के राहुल की भी युवती से नजदीकियां थी। राहुल को वह अधिक मानती थी। इस कारण धर्मेंद्र से पीछा छुड़ाना चाहती थी। हालांकि धर्मेंद्र उससे दूर जाने की जगह और करीब आने की कोशिश कर रहा था। धर्मेंद्र का रोजाना घर आना लक्ष्मण बर्दाश्त नहीं कर सका। उसने राहुल, संजीत व उसके भाई रंजीत की मदद से धर्मेंद्र को बुलाकर बाग में मछली के साथ शराब पार्टी की। धर्मेंद्र को नशे में देख राहुल ने मौका देखकर उसके शराब के गिलास में जहर मिला दिया। इससे धर्मेंद्र की मौत हो गई। इसके बाद सकरैला नाले में फेंक दिया। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों ने गुनाह स्वीकार कर लिया है।

ग्रामीण नहीं करा रहे जांच

सफीपुर/चकलवंशी : दो गांवों में कोविड जांच व टीकाकरण करने गई स्वास्थ्य टीमों को कई स्थानों पर ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। मामले की जानकारी सीएचसी प्रभारी को दी गई। सीएचसी प्रभारी ने एसडीएम व कोतवाल से बात कर सुरक्षा टीम के सदस्यों की सुरक्षा की मांग की है। कोविड लक्षण वाले संदिग्ध मरीजों को चिह्नित कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग टीमों को घर-घर भेजकर जांच करा रहा है। गुरुवार को तहसील क्षेत्र के गांव धन्नापुरवा, कटरी व औरंगाबाद में टीमें जांच करने गई थीं। टीम के सदस्यों ने लोगों से जांच कराने को कहा तो ग्रामीणों ने जांच कराने से मना करने के साथ टीम को वापस लौटने को कहा। टीम के सदस्यों ने शासन का आदेश होने की बात कही तो ग्रामीणों ने सदस्यों को दौड़ा लिया। जान बचाकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंची टीम ने सीएचसी प्रभारी को जानकारी दी।

सीएचसी प्रभारी डॉ. शरद वैश्य ने बताया कि स्वास्थ्य टीम को दौड़ाने की जानकारी एसडीएम व कोतवाल को देकर सुरक्षा की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि गंगा कटरी के गांव जमुनिहाकच्छ, मदारीपुरवा, रामदीनपुरवा से भी स्वास्थ्य टीम को ग्रामीणों ने वापस कर दिया है। उधर, मियागंज के कुलहा में जांच करने गई टीम में शामिल एलटी सुभाष चंद्र, एमओ डॉ. प्रियंका व पुष्पेंद्र ने आशा कार्यकर्ता के माध्यम से ग्रामीणों को बुलाया। इस दौरान एक महिला को बुलाने पहुंचे स्वास्थ्यकर्मियों से उसकी बेटी अभद्रता करने लगी। यह देख वहां ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और जांच का विरोध शुरू हो गया। कुछ ग्रामीण तो मारपीट को तैयार हो गए। मामला बढ़ते देख टीम के सदस्यों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद टीम बिना जांच के ही वापस लौट गई।

कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी

नवाबगंज : लखनऊ-कानपुर हाईवे पर मुर्तजानगर गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती व सात साल का बच्चा घायल हो गया। वहां से गुजर रहे औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने तीनों को सड़क पर छटपटाता देख अपना काफिला रुकवाया। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भेज। सूचना पर भी अजगैन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। औद्योगिक विकास मंत्री बुधवार शाम कानपुर से लखनऊ की ओर जा रहे थे। मुर्तजानगर गांव के पास उन्होंने अजगैन भौली गांव निवासी बाइक सवार वकील (35), उसकी पत्नी जैतुन्निशा (32) व एक सात वर्षीय बच्चे को हाईवे पर लहूलुहान हालत में छटपटाते देखा। मंत्री ने अपने काफिले को रुकवाया और अजगैन पुलिस व एंबुलेंस को फोन कर मौके पर बुलवाया। औद्योगिक मंत्री का फोन पहुंचते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल ले गई। हालांकि मंत्री का फोन पहुंचने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। एंबुलेंस चालक ने बताया कि दंपती व बच्चे को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

चेरे भाई की बरात में करंट से महिला की मौत

उन्नाव : चचेरे भाई की बरात में पूना से शामिल होने पहुंची महिला की बरात से एक दिन पहले पंखे में उतरे करंट से गुरुवार को मौत हो गई। गनेशीखेड़ा निवासी छेदीलाल लोध की बेटी नीलम (30) एक सप्ताह पहले परिवार के चचेरे भाई नन्हे की शादी में शामिल होने के लिए पूना से मायके गणेशीखेड़ा आई थी। शुक्रवार को नन्हें की बरात जानी है। गुरुवार को नन्हें के घर पर कार्यक्रम चल रहा था। नीलम अपने घर पर घरेलू काम निपटा रही थी। इसी दौरान व फर्राटा पंखा को हटाकर दूर रखने लगी। अचानक पंखे में करंट उतरने से वह चपेट में आकर बेहोश हो गई। घटना के वक्त घर के सदस्य चचेरे भाई के शादी वाले घर में थे। वहां से लौटे परिजनों ने नीलम को करंट से अलग किया। हालांकि उसकी मौत हो चुकी थी। पिता छेदीलाल ने बताया कि उसने तीन वर्ष पूर्व नीलम की शादी बिहार थाना क्षेत्र के ग्राम बाजितपुर में की थी। शादी के बाद नीलम अपने परिवार के साथ पूना में रहने लगी थी। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.