
भाजपा के दांव से सपा चित

उन्नाव : जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के राजनीतिक धोबी पछाड़ दावं से सपा चित हो गई है। अब भाजपा ने समाजवादी पार्टी के समर्थित सदस्यों को अपने पाले में लाने की कवायद शुरू कर दी है। राजनीति के जानकारों की मानें तो ज्यादा समर्थित सदस्यों को जिता कर लाने वाली सपा को भाजपा ने एक ही दांव से चुनाव से अलग-थलग कर दिया है। मालती रावत के चुनाव मैदान के हटने से भाजपा के मंसूबे सफल होते दिख रहे हैं। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सपा समर्थित 18 जिला पंचायत सदस्य जीतकर आए थे। इससे अध्यक्ष् के चुनाव में सपा ही सबसे मजबूत मानी जा रही थी। भाजपा ने दांव चलकर सपा प्रत्याशी को ही अघोषित रूप से अपने पाले में ले लिया था। भाजपा अध्यक्ष चुनाव में सपा को चित करने में सफल रही है। हालांकि अब भाजपा की निगाहें सपा समर्थित जिला पंचायत सदस्यों पर हैं। सपा ने भी अपने सदस्यों को चुनाव में स्वविवेक से निर्णय लेने के लिए छोड़ दिया है। इससे भाजपा की राह आसान होती नजर आ रही है। हालांकि संगठन पदाधिकारियों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं क्योंकि भाजपा प्रत्याशी शकुन सिंह के सामने अभी बागी अरुण सिंह चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। भाजपा के सूत्रों की माने तो अंदरखाने एक प्रत्याशी को अघोषित रूप से चुनाव में निष्क्रिय रखने की कवायद की जा रही है।
भले ही मालती रावत ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव न लड़ने की बात कही हो लेकिन प्रशासन की निर्वाचन सूची में तीन प्रत्याशी ही रहेंगे। सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत/निकाय) डॉ. संजय द्विवेदी ने बताया कि नामांकन वापसी के दौरान जो उम्मीदवार पर्चे वापस लेते हैं उनकी ही गिनती आयोग द्वारा की जाती है। पर्चा वापसी का समय निकल जाने के बाद जितने उम्मीदवार मैदान में बचते हैं उसे ही अधिकृत प्रत्याशी माना जाता है। भले ही बाद में उनमें से कोई एक-दूसरे का समर्थन कर दे या चुनाव न लड़ने की घोषणा करें। आयोग में उसकी कोई गिनती नहीं होती है। इसलिए आयोग की अंतिम सूची में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए तीन ही प्रत्याशी हैं।
सपाइयों ने जरूरतमंदों को राशन किट बांटी

उन्नाव : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर सपाइयों ने जरूरतमंदों को राशन किट बांटी। सपा दफ्तर में केक काटकर उनकी लंबी उम्र की कामना की।सिविल लाइन पार्टी कार्यालय में सपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में केक काटकरजन्मदिन मनाया गया। सुरेश पाल, वीरेंद्र शुक्ला, अभिनव कुमार मौजूद रहे। डीएसएन कालेज रोड पर उन्नाव नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि प्रशांत कटियार की अगुवाई में जरूरतमंदों को राशन किट वितरित की गई। किट में सरसों का तेल, आलू, प्याज, आटा व दाल थी। इस दौरान सपा नेता सोनी सिंह परिहार, सत्येंद्र पटेल, रमन कुमार मौजूद रहे।
समाजवादी व्यापार सभा जिलाध्यक्ष रजनीकांत श्रीवास्तव के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय में मरीजों व उनके तीमारदारों को बिस्किट व मिठाई बांटी गई। शैलेंद्र गुप्ता, मनोज गुप्ता, श्यामलाल वर्मा, सुधीश चंद्र कटियार मौजूद रहे। असोहा ब्लाक के गोसाईखेड़ा में सपाइयों ने अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाया। गोसाईखेड़ा पहुंचे एमएलसी सुनील सिंह साजन व पूर्व विधायक उदयराज यादव ने केक काटा। सुनील साजन ने कहा कि 2022 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनेगी। पूर्व ब्लाक प्रमुख राजकुमार रावत, आसिफ अली, सुनील रावत, सूर्यभान यादव, धनंजय यादव, सोनू यादव मौजूद रहे।
माखी दुष्कर्म पीड़िता के फुफेरे भाई को पीटा

चकलवंशी : बुधवार रात माखी दुष्कर्म पीड़िता के फुफेरे भाई को गांव के लोगों ने लोहे की रॉड से पीटकर व चाकू मारकर घायल कर दिया। पीड़िता के अनुसार, फूफा उसके चाचा के केस में गवाह हैं और आरोपी लगातार गवाही वापस लेने का दबाव बना पूर्व में भी घटना को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने सुरक्षा के लिए गनर दिया पर छह माह बाद वापस ले लिया। इसके चलते घटना को दोबारा अंजाम दिया गया है। एएसपी ने घायल के पिता के गवाह होने से इंकार करते हुए मारपीट करने वाले तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की बात कही है।
माखी गांव निवासी संदीप पुत्र शिवनाथ के अनुसार उसके पिता दुष्कर्म पीड़िता के चाचा के केस में गवाह हैं। पूर्व विधायक के लोग लगातार उसके पिता पर गवाही वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। बुधवार को वह रऊ चौराहा से लौट रहा था। पूर्व विधायक पक्ष के बालेंद्र सिंह ने अपने बड़े भाई शैलेंद्र सिंह व दोस्त रामजी के साथ मिलकर उसे रोक लिया और गाली देकर गवाही वापस लेने की धमकी दी। किसी तरह वहां से निकलकर माखी थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी देकर घर आ गया। रात आठ बजे दुकान से बल्ब लेने गया। वहां घात लगाकर खड़े बालेंद्र ने भाई व दोस्त के साथ मिलकर लोहे के रॉड व चाकू से हमला कर दिया। इससे वह लहूलुहान हो गया। बताया कि इससे पूर्व बालेंद्र ने 30 अगस्त 2019 को उसके पिता शिवनाथ को पीटा था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। 7 जून को भी आरोपियों ने उसे पीटा था। पुलिस ने बालेंद्र सिंह का शांतिभंग में चालान किया था।
दुष्कर्म पीड़िता ने भी सोशल मीडिया के जरिए फुफेरे भाई को पीटे जाने पर सवाल खड़े किए है। पीड़िता के अनुसार आरोपी पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के दवाब में 2018 में हुई घटना की तरह दूसरी घटना की योजना बनाई जा रही है। एसपी शशि शेखर सिंह ने बताया कि मारपीट में घायल युवक का पिता गवाह नहीं है। घायल की तहरीर पर बालेंद्र, उसके भाई शैलेंद्र व रामजी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।
तमंचा लगाकर 82 हजार रुपये लूट लिए

फतेहपुर चौरासी : दुकान का सामान लेने बाइक से कानपुर जा रहे किराना व्यापारी को सरैया घाट गंगापुल पर बाइक सवार तीन लुटेरों ने रोका और तमंचा लगाकर 82 हजार रुपये लूट लिए। व्यापारी के विरोध करने पर मारपीट भी की। व्यापारी ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। नगर पंचायत फतेहपुर चौरासी के सुभाषनगर पश्चिमी निवासी अनिल कुमार राठौर क्षेत्र में फेरी लगाकर किराने का सामान बेचता हैं। बुधवार को वह बाइक से किराने का सामान लेने शिवराजपुर कानपुर नगर की मंडी जा रहा था। शाम पांच बजे कालीमिट्टी व शिवराजपुर मार्ग पर हिंदूपुर कटान के आगे सरैया घाट गंगा नदी पुल के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन लुटेरों ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। बाइक से उतरे दो बदमाशों में एक ने व्यापारी के तमंचा लगा दिया। व्यापारी के विरोध करने पर मारपीट की और उसकी जेब में रखे 82 हजार रुपये लूट लिए। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर लुटेरे शिवराजपुर की ओर भाग निकले। अनिल कुमार के अनुसार घटना के बाद उसने थाना शिवराजपुर क्षेत्र में खड़ी डायल 112 को जानकारी दी। उन्होंने फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र की घटना बता उसे चलता कर दिया। सीओ बीनू सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। प्रभारी निरीक्षक जावेद अख्तर को जांच कर कार्रवाई के लिए कहा है।