
लखनऊ : चारबाग रेलवे स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटर पर करीब 21 महीने के बाद चहलकदमी दिखायी दी। नई दिल्ली रवाना होने वाली गोमती एक्सप्रेस में कोरोना के बाद पहली बार जनरल क्लास के टिकट जारी हुए। लगभग 100 यात्रियों ने नई दिल्ली का जनरल क्लास का टिकट खरीदा रेलवे ने कोरोना के कारण जनरल क्लास की जगह सेकेंड सीटिंग क्लास का रिजर्वेशन शुरू किया था। शुक्रवार से गोमती एक्सप्रेस, प्रतापगढ़-दिल्ली एक्सप्रेस पदमावत एक्सप्रेस, बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस, लखनऊ वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस, बरेली-प्रयागराज संगम, ऊंचाहार एक्सप्रेस, अयोध्या-दिल्ली एक्सप्रेस, चंडीगढ़ एक्सप्रेस, वाराणसी शटल सेवा, नौचंदी एक्सप्रेस में जनरल क्लास के टिकट की व्यवस्था लागू कर दी गई है
अनारक्षित टिकट काउंटर पर नई दिल्ली, कानपुर, इटावा, फिरोजाबाद, टूंडला के सफर के लिए यात्रियों ने जनरल टिकट खरीदा। सबसे अधिक 100 टिकट नई दिल्ली जाने वाले यात्रियों ने खरीदा। वहीं गोमती एक्सप्रेस के बाकी स्टेशनों के लिए भी 95 जनरल टिकट खरीदे गए। रेलवे ने यात्रियों को भीड़ की असुविधा से बचाने के लिए आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें भी लगा दी हैं लंबी दूरी की लखनऊ यशवंतपुर, पुणे, मुंबई, चेन्नई व कोलकाता सहित कई शहराें की ओर जाने वाली ट्रेनों में अब भी जनरल टिकट नहीं मिल पा रहे हैं। इन ट्रेनों के यात्रियों को सेकेंड सीटिंग क्लास का आरक्षण कराकर सफर करना पड़ रहा है।