diwali horizontal

कार्यवाही: रिश्वत मांगने के आरोप में निगम का राजस्व निरीक्षक निलम्बित नगरायुक्त ने शासन से की थी कार्रवाई की संस्तुति

0 90

सहारनपुर(सिटीजन वॉयस संवाददाता) : प्रदेश शासन ने नगरायुक्त की संस्तुति पर नगर निगम के राजस्व निरीक्षक जयविन्द्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया हैं। जयविन्द्र सिंह पर नगर निगम में एक मृतक आश्रित की नियुक्ति के लिए रूपये मांगने का आरोप है। निलम्बन अवधि में जयविन्द्र सिंह को जिलाधिकारी कार्यालय से सम्बद्ध किया गया है।

नगर निगम सहारनपुर में सेवारत राजस्व निरीक्षक पूनम की सेवाकाल के दौरान गत 7 मई 2021 को मृत्यु हो गयी थी, जिसके उपरान्त उनके पति नवीन ने मृतक आश्रित के रूप में नियुक्ति पाने के लिए निगम में आवेदन किया था। आरोप है कि राजस्व निरीक्षक जयविन्द्र सिंह ने स्व. पूनम के पति नवीन से उनकी नियुक्ति कराये जाने के लिए रूपयों की मांग की थी। नवीन ने राजस्व निरीक्षक जयविन्द्र से फोन पर हुई वार्ता की रिकाॅर्डिंग पैन ड्राईव में नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह को देते हुए उक्त राजस्व निरीक्षक पर रूपये मांगने का आरोप लगाया था। जिस पर नगरायुक्त ने नवीन द्वारा उपलब्ध कराये गये साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद शासन को उक्त राजस्व निरीक्षक जयविन्द्र सिंह के विरूद्ध कार्यवाही की संस्तुति की थी।

शासन द्वारा राजस्व निरीक्षक जयविन्द्र सिंह के निलम्बन आदेश में कहा गया है कि जयविन्द्र सिंह ने कर्मचारी आचरण नियमावली के विरूद्ध कार्य करने, पद का दुरूपयोग करने एवं अपने निहित निजी स्वार्थ के लिए रूपयों/उत्कोच की मांग करके विभाग की छवि को धूमिल किया है। अतः जयविन्द्र सिंह को तत्कालिक प्रभाव से निलम्बित करते हुए उनके विरूद्ध विभागीय / अनुशासनिक कार्यवाही संस्थित की जाती है। उक्त प्रकरण की जांच के लिए शासन ने नगर निकाय निदेशालय के सहायक निदेशक लेखा उपेन्द्र तिवारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।

उधर नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों को चेतावनी दी है कि निगम की छवि को धूमिल करने वाले किसी भी आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से ईमानदारी, निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ अपना दायित्व निर्वहन करने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.