
झांसी : कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर से निपटने को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कोर कमेटी की बैठक की गयी।बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि बाहर से जिले में आने वाले लोगों की नियमित जांच की जाए, साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में लगाए गए सभी ऑक्सीजन प्लांट का मौके पर सत्यापन करते हुए उन्हें पूर्ण क्षमता से क्रियाशील करना सुनिश्चित कर लें। उन्होंने कहा कि यदि ऑक्सीजन प्लांट के संचालन में किसी प्रकार सुविधाओं की आवश्यकता पड़ती है उसके लिए अभी से तैयारी कर लें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी चिकित्सक एवं मेडिकल स्टाफ अपना शत प्रतिशत वैक्सीनेशन कराना सुनिश्चित करें, इसके साथ ही अन्य लोगों को भी वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में वैक्सीनेशन में तेजी लाए जाने के लिए एएनएम व आशा को मोटिवेट करने के साथ ही निगरानी समितियों को भी सक्रिय करने के निर्देश दिए ताकि वैक्सीनेशन से छूटे हुए लोगों का वैक्सीनेशन किया जा सके। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ॰ रमाकांत ने बताया कि जनपद में प्रतिदिन चार से साढ़े चार हजार कोविड की जांच की जा रही है। इधर दिसंबर में अभी तक किसी के भी कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि नहीं हुई है। रेलवे स्टेशनों में भी बाहर से लौटने वालों की जांच का बंदोबस्त कराया गया है।
विदेश से लौटने वालों की निगरानी की जा रही है। आरआरटी टीमें गठित की गई हैं, जो ऐसे लोगों की सैंपलिंग करा रही हैं। रेलवे और बस स्टेशनों में भी टीमें लगाई गई हैं, जो बाहर से आने वालों की आरटीपीसीआर जांच कर रही हैं। इस दौरान एडीएम संजय पांडे, नगर मजिस्ट्रेट आर के सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ एन एस सेंगर, उप प्रधानाचार्य डॉ अंशुल जैन सहित समस्त एमओआईसी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।