diwali horizontal

मोराकांदर गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डाला डेरा गांव के 35 वर्षीय युवक में हुई है कोरोना की पुष्टि

0 126

हमीरपुर : भरुआ सुमेरपुर ब्लाक के मोराकांदर गांव में 35 वर्षीय युवक के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में डेरा डाल दिया है। गांव में कोविड टीकाकरण की रफ्तार को बढ़ाते हुए विशेष कैंप लगाया गया। इतना ही नहीं कोरोना संक्रमित युवक के संपर्क में आने वाले 72 लोगों के सैंपल एंटीजन टेस्ट और आरटीपीसीआर सैंपल लिए गए हैं। संक्रमित युवक में कोई लक्षण न होने की वजह से उसे होम आइसोलेशन में रखा गया है।

बेतवा नदी के किनारे बसे मोराकांदर गांव में मिले कोरोना पॉजिटिव युवक की कोई ट्रैवल हिस्ट्री भी नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस युवक का छानी के अस्पताल में आरटीपीसीआर सैंपल लिया गया था, जिसमें इसके कोरोना ग्रसित होने की पुष्टि हुई है। बुधवार की रात से ही स्वास्थ्य विभाग की मोराकांदर गांव में आवाजाही लगी हुई है। गुरुवार की सुबह गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंच गई। सुमेरपुर पीएचसी के प्रभारी/एसीएमओ डॉ.महेशचंद्रा ने बताया कि डॉ.दिलीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में गांव में रैपिड रेस्पांस टीम (आरआरटी) को भेजा गया है।

टीकाकरण की रफ्तार भी बढ़ा दी गई है। शाम तक 83 लोगों को टीका लगाया जा चुका था। कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में आने वाले 72 लोगों एंटीजन टेस्ट किए गए, जो कि निगेटिव आए हैं। इनके आरटीपीसीआर सैंपल भी लिए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट कल तक आ जाएगी। गांव के लोगों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की हिदायत दी गई है। एएनएम, लैब टेक्नीशियन (एलटी) सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी टीकाकरण और सैंप्लिंग में लगाए गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.