diwali horizontal

सपा ने डीजीपी व मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखा पत्र

0 181

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व सदस्य विधान परिषद राजेन्द्र चौधरी ने बुधवार को कहा कि प्रदेश में चल रही परिवर्तन की लहर से भयभीत भाजपा में बौखलाहट हुई है। पार्टी मुख्यालय से जारी बयान में सपा प्रवक्ता ने कहा कि अपनी सत्ता जाते देखकर अब वह साजिशों पर उतर आई है। समाजवादी पार्टी के खिलाफ कूट रचित फर्जी पत्रों के सहारे भाजपा जो बयान जारी कर रही है वह अपराधिक कृत्य है, इसलिये एफआईआर दर्ज कर इसके दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

चौधरी ने पुलिस महानिदेशक, मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा थानाध्यक्ष गौतमपल्ली थाना लखनऊ को लिखित पत्र में कहा है कि समाजवादी पार्टी के लेटर पैड पर फर्जी हस्ताक्षर से पहले 27 फरवरी 2022 को फेसबुक पर फर्जी आईडी से समाजवादी मतों को भाजपा के पक्ष में ट्रांसफर करने का झूठा बयान जारी किया गया था। फिर एक मार्च 2022 की तारीख में तीन मार्च 2022 को बलरामपुर जनपद की 293 उतरौला विधान सभा में मतदान को प्रभावित करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के फर्जी हस्ताक्षर से उनके फर्जी लेटर पैड पर भाजपा को हराने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान की अपील की गई है।

सपा नेता ने कहा कि विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी की मजबूत स्थिति को देखते हुए भाजपा खेमे में बेचैनी है और जनता के जोश को देखते हुए अब भाजपा की सरकार दुबारा दूर-दूर तक सम्भावना नहीं दिख रही है। अत: वे मतदाताओं में भ्रम फैलाकर उन्हें गुमराह करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। जनता इसका करारा जवाब देगी। चौधरी ने शासन-प्रशासन को स्वतंत्र-निष्पक्ष चुनावों की दृष्टि से तत्काल अज्ञात व्यक्तियों के विरूद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.