diwali horizontal

सिविल हॉस्पिटल पहुंचकर डीएम ने लिया डेंगू रोगियों के उपचार की व्यवस्था का जायजा

डेंगू सम्बंधित जानकारी व समस्या के लिए जारी किया गया हेल्पलाइन नम्बर  0522-4523000

0 107
लखनऊ।डेंगू व संचारी रोगों के दृष्टिगत ज़िलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने  डेंगू रोगियों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार का जाएज़ा लेने के उद्देश्य से रविवार को अचानक सिविल हॉस्पिटल स्थित डेंगू वार्ड पहुँचे और उपचार के लिए की गई सभी व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान ज़िलाधिकारी ने बताया  कि साफ सफाई, फॉगिंग, लार्वा छिड़काव व डेंगू से सम्बंधित जानकारी या समस्या के लिए जनपद वासी 0522-4523000  नंबर पर कॉल करके अपनी समस्याओं को दर्ज करा सकते है। ज़िलाधिकारी ने यह भी बताया कि उक्त कंट्रोल रूम 24×7 कार्यशील है। साथ ही कंट्रोल रूम में वीडियो/टेली कंसल्टेशन के लिए तीन शिफ्टों में 24×7 1-1 चिकित्सक की ड्यूटी लगवाने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान सीएमएस सिविल हॉस्पिटल ने जिलाधिकारी को बताया कि वर्तमान में बेडो की संख्या को बढ़ा कर 40 कर दिया गया है। हॉस्पिटल में न तो बेड की कमी है और न ही ब्लड और प्लेटलेट्स की ही कमी है। सभी रोगियों को तत्काल जांच कराते हुए उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। जिसके सम्बन्ध में ज़िलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी आने वाले मरीज़ों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए और मरीज़ों व उनके परिजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।उक्त के बाद ज़िलाधिकारी ने डेंगू वार्ड का भ्रमण करते हुए मरीज़ों व उनके परिजनों से संवाद करते हुए उनका हाल चाल लिया और उपलब्ध कराए जा रहे उपचार का फीडबैक भी लिया। मरीज़ों के परिजनों ने जिलाधिकारी गंगवार को गया कि चिकित्सको द्वारा अच्छा उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कई मरीज़ पूर्ण स्वास्थ्य हो कर हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होते पाए गए। ज़िलाधिकारी ने मरीज़ों व उनके परिजनों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया। ज़िलाधिकारी ने बताया कि डेंगू का मच्छर साफ पानी मे पनपता है,जिसके लिए घर के गमलो, फ्रिज की ट्रे, बाल्टी या कूलर आदि में पानी जमा न होने दे। रात के समय मॉस्किटो रेपिलेन्ट व मच्छरदानी का अवश्य प्रयोग करे। डेंगू से खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रखने के लिए विशेष सतर्कता बरते और डेंगू होने की स्थिति में घबराए नही अधिक मात्रा में पानी, नारियल पानी आदि का सेवन करे और अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर उपचार कराए। इसके बाद आईसीसीसी  कमांड सेंटर में बनाए गए डेंगू कंट्रोल रूम का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। ज़िलाधिकारी ने कमाण्ड सेंटर पर प्राप्त होने वाली शिकायतो के सम्बन्ध में जानकारी ली गई। प्रबन्धक आईसीसीसी  ने जिलाधिकारी को जानकारी देते हुए बताया कि अभी मुख्यतः फॉगिंग व लार्वा छिड़काव सम्बन्धित शिकायते प्राप्त हो रही है। जिसके लिए नगर निगम को जानकारी भेजी जा रही है। जिसके सम्बन्ध में ज़िलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि नगर निगम से सम्बंधित शिकायतों या समस्याओ के लिए 3 शिफ्टों में 24×7 एक-एक अधिकारी की ड्यूटी लगाना सुनिश्चित किया जाए ताकि साफ सफाई, फॉगिंग व लार्वा छिड़काव से सम्बंधित समस्याओं का तत्काल निस्तारण कराया जा सके।
Leave A Reply

Your email address will not be published.