
जालौन/उरई। बिजली विभाग द्वारा चलाए गए सघन चेकिंग अभियान में 4 लोग चोरी से बिजली जलाते हुए मिले। जिनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। विद्युत उपखंड अधिकारी कौशलेंद्र सिंह के नेतृत्व में जेई पी राम, टीजीटू नरेंद्र सोलंकी, कमलेश कुमार आदि की टीम ने नगर के विभिन्न मोहल्लों में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान मोहल्ला चैधरयाना में अनुरूद्ध का बिजली बिल बकाया होने के चलते मीटर निकाल लिया गया था। इसके बाद वह डायरेक्ट केबिल डालकर बिजली चोरी कर रहे थे। नारोभास्कर में रमेशचंद्र, खंडेराव में अजब सिंह व राजबहादुर मीटर के पहले केबिल में बाइपास कर चोरी से बिजली जला रहे थे। इस संदर्भ में एसडीओ ने बताया कि चोरी से बिजली जलाने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। कहा कि चेकिंग लगातार जारी रहेगी। इसलिए चोरी से बिजली न जलाएं और बकाया बिलों का समय से भुगतान करें।