
लखनऊ में 67 यूपी एनसीसी बटालियन में सी सर्टिफिकेट वितरण समारोह, कैडेट्स को मिला परिश्रम का पुरस्कार
लखनऊ: राजधानी स्थित प्रतिष्ठित 67 यूपी बटालियन एनसीसी में सोमवार को सी सर्टिफिकेट वितरण समारोह का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस अवसर पर बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पुनीत श्रीवास्तव ने कैडेट्स की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि यह दिन कैडेट्स के लंबे परिश्रम और अनुशासन का परिणाम है, जिसका उन्हें आज उचित फल मिला है।कर्नल श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि सी सर्टिफिकेट परीक्षा के दो चरणों में कैडेट्स का मूल्यांकन किया गया। पहले चरण में व्यावहारिक परीक्षा आयोजित की गई, जिसके बाद लिखित परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न हुई। परीक्षा में सफल रहे कैडेट्स को आज विधिवत रूप से सी सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।समारोह के दौरान कमांडिंग ऑफिसर ने कैडेट्स को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि एनसीसी से प्राप्त अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की नींव बनते हैं।समारोह में बटालियन के सुबेदार मेजर रंजीत कुमार, ट्रेनिंग जेसीओ सुबेदार जितेन्द्र गुप्ता, ट्रेनिंग एनसीओ सीएचएम आनंद कुमार, हवलदार आनंद प्रताप, हवलदार श्याम बाबू सहित पीआई स्टाफ के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने समारोह के सफल आयोजन में अपनी भूमिका निभाई और कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया।
इस कार्यक्रम ने न केवल कैडेट्स के लिए गर्व का क्षण प्रस्तुत किया, बल्कि यह भी दर्शाया कि एनसीसी युवा वर्ग में देशभक्ति, अनुशासन और सेवा भाव जागृत करने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
