
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में पीडीए की सरकार बनना तय है
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में पीडीए की सरकार बनना तय है
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी 2027 विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि पीडीए का संकल्प है कि इस बार सरकार बनने पर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की जाएगी और प्रदेश में विकास तथा खुशहाली लाने के लिए काम होगा।श्री यादव ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा समाज के शोषण का काम कर रही है और पीडीए के हक तथा आरक्षण को छीन रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर पहुंच गए हैं, और गरीबों को न्याय नहीं मिल रहा है। सत्ता के संरक्षण में अपराधी खुलेआम घटनाएं कर रहे हैं, जबकि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब ‘सत्ता सजातीय’ और पुलिस का गठजोड़ बनाकर जाति देखकर हत्या की जा रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री क्यों नहीं स्वीकार करते कि प्रदेश की बागडोर अपराधियों के हाथ में चली गई है।अपने संबोधन में श्री यादव ने समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया और कहा कि उनकी सरकार में पुलिस विभाग के लिए बेहतरीन आधारभूत ढांचा विकसित किया गया था। उन्होंने पुलिस मुख्यालय की सिग्नेचर बिल्डिंग का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे विश्वविख्यात क्रिकेटर श्री कपिल देव ने सराहा था। इसके अलावा, उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण, किसानों के लिए किए गए कार्य और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि की योजनाओं का भी उल्लेख किया।
श्री यादव ने भाजपा सरकार को विकास में नाकाम बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों और उद्योगपतियों के लिए किसी भी प्रकार की राहत नहीं दी। उन्होंने किसानों के गेहूं की सरकारी खरीद में धांधली का भी आरोप लगाया और कहा कि भाजपा सरकार हर स्तर पर साजिश कर रही है।इस दौरान सांसद आरके चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, आजमगढ़ के विधायक श्री आलम बदी और श्री संग्राम यादव समेत कई अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
