
लखनऊ पुलिस ने दुष्कर्म मामले में वांछित 25 हजार के इनामी आरोपी अंगद यादव को किया गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ लखनऊ और आजमगढ़ में दर्ज हैं कुल आठ आपराधिक मुकदमे
लखनऊ पुलिस ने दुष्कर्म मामले में वांछित 25 हजार के इनामी आरोपी अंगद यादव को किया गिरफ्तार
आरोपी के खिलाफ लखनऊ और आजमगढ़ में दर्ज हैं कुल आठ आपराधिक मुकदमे
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अंगद यादव को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम और कृष्णानगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह गिरफ्तारी की गई।थाना कृष्णानगर में पीड़िता द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार, आरोपी अंगद यादव ने वर्ष 2024 में पीड़िता को डरा-धमकाकर जनपद आजमगढ़ ले जाकर जबरन दुष्कर्म किया था। मुकदमा संख्या 342/24 बीएनएस की धारा 70(1)/140(1)/351(2)/352 के अंतर्गत दर्ज किया गया था, जिसमें अभियुक्त फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।पुलिस ने बताया कि अभियुक्त अंगद यादव (उम्र 22 वर्ष), पुत्र रामनयन यादव, निवासी पीपरी, थाना निजामबाद, आजमगढ़ मूल रूप से हाइड्रा मशीन चलाने का काम करता है और दसवीं तक पढ़ा है। उसे शनिवार दोपहर 12:25 बजे बाराबिरवा चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना कृष्णानगर के पुलिसकर्मी और दक्षिणी जोन की सर्विलांस यूनिट शामिल रही।पूछताछ में अंगद यादव ने स्वीकार किया कि वह पूर्व में पीड़िता से किसी निजी विवाद को लेकर रंजिश रखता था और बदले की भावना से उसने वारदात को अंजाम दिया। उसने पुलिस को बताया कि उसने पीड़िता को “सबक सिखाने” के इरादे से उसका अपहरण कर आजमगढ़ ले जाकर जबरदस्ती की।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ लखनऊ और आजमगढ़ के विभिन्न थानों में आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गंभीर धाराएं जैसे कि आर्म्स एक्ट, मारपीट, धमकी देना, सड़क दुर्घटना आदि शामिल हैं। इनमें थाना कृष्णानगर के दो मुकदमे और शेष आजमगढ़ जिले के निजामबाद एवं फूलपुर थानों में दर्ज हैं।पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में की गई इस संयुक्त कार्रवाई को अपराध के खिलाफ पुलिस की तत्परता और गंभीरता का उदाहरण माना जा रहा है। अभियुक्त को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस अन्य आरोपों की भी जांच कर रही है।
