
उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने लखनऊ विश्वविद्यालय में परीक्षाओं का निरीक्षण किया, परीक्षा व्यवस्था पर जताया संतोष
उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने लखनऊ विश्वविद्यालय में परीक्षाओं का निरीक्षण किया, परीक्षा व्यवस्था पर जताया संतोष
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने सोमवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में चल रही परीक्षाओं का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ परीक्षा दिलवाई जाए।राज्य मंत्री ने विश्वविद्यालय के राज्यस्तरीय कंट्रोल रूम का भी दौरा किया, जहां उन्होंने विभिन्न जिलों में हो रही परीक्षाओं की लाइव निगरानी की। तकनीकी माध्यमों से प्राप्त आंकड़ों और सीसीटीवी कैमरा फीड की समीक्षा करते हुए उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर निगरानी दल तथा सुरक्षा व्यवस्थाएं सक्रिय और प्रभावी रूप से कार्यरत हों।निरीक्षण के बाद रजनी तिवारी ने कुलपति के साथ टैगोर लाइब्रेरी का भ्रमण किया और भारत के मूल संविधान की दुर्लभ कृतियों का अवलोकन किया। इसके साथ ही अध्ययन कक्ष एवं साइबर लाइब्रेरी का निरीक्षण कर उन्होंने वहां उपस्थित छात्र-छात्राओं से संवाद किया और अपनी संतुष्टि भी व्यक्त की।इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक विद्यानंद त्रिपाठी एवं अन्य वरिष्ठ शिक्षक भी मौजूद थे।
