diwali horizontal

फर्जी दस्तावेज बनाकर एलडीए की जमीन बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, गोमतीनगर थाने में दर्ज था मुकदमा

0 86

फर्जी दस्तावेज बनाकर एलडीए की जमीन बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, गोमतीनगर थाने में दर्ज था मुकदमा

लखनऊ: राजधानी लखनऊ की गोमतीनगर पुलिस ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की सार्वजनिक संपत्ति को फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेचने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी उस आपराधिक प्रकरण से जुड़ी है जिसमें सरकारी संपत्ति को कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से हड़पने का गंभीर आरोप है।इस मामले में मूल शिकायत 2 मई 2023 को एलडीए के अनुभाग अधिकारी अशोक कुमार सक्सेना द्वारा गोमतीनगर थाने में दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ व्यक्तियों ने ट्रांसपोर्ट नगर योजना के अंतर्गत स्थित भूखंड संख्या एफ-480 को फर्जी और जाली दस्तावेजों के माध्यम से हड़पने की साजिश रची और एलडीए की संपत्ति को अवैध रूप से बेच दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु.अ.सं. 254/2023 धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120बी भादवि के तहत मुकदमा पंजीकृत किया था।पुलिस को लंबे समय से इस मामले में आरोपी की तलाश थी। बीते रविवार, 19 मई 2025 को मुखबिर से प्राप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खरगापुर क्रॉसिंग से आरोपी विनोद कुमार पुत्र दुर्जन सिंह निवासी आदमपुर हडैया, थाना सोहरामऊ, पोस्ट जैतीपुर, जनपद उन्नाव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र लगभग 55 वर्ष है।पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी विनोद कुमार ने एलडीए के कर्मचारी श्रीकृष्ण के साथ मिलकर एक खाली पड़े भूखंड को चिन्हित किया और उसकी फर्जी पट्टा दस्तावेज तैयार कर उसे दिनांक 9 जुलाई 2020 को बेच दिया। यह आरोप लगाया गया है कि इस दस्तावेज़ को यह दिखाकर तैयार किया गया था कि वह एलडीए द्वारा विधिवत रूप से आवंटित किया गया है। इसके जरिए खरीदारों को भ्रमित कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई।इस मामले में एलडीए का कर्मचारी श्रीकृष्ण भी नामजद अभियुक्त है और उसके खिलाफ न केवल उक्त एफआईआर में बल्कि एक अन्य प्रकरण मु.अ.सं. 258/2023 में भी मामला दर्ज है।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्त के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। उसे नियमानुसार न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में थाना गोमतीनगर के प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश चन्द्र तिवारी, उप निरीक्षक मोहम्मद जसीम रजा, उप निरीक्षक मारूफ आलम और कांस्टेबल अंकुर चौधरी शामिल रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.