
संकल्प शिविर में गरजे आप सांसद संजय सिंह, बोले- उत्तर प्रदेश में जनता की आवाज़ बनेगा आम आदमी पार्टी का संगठन
संकल्प शिविर में गरजे आप सांसद संजय सिंह, बोले- उत्तर प्रदेश में जनता की आवाज़ बनेगा आम आदमी पार्टी का संगठन
लखनऊ: में आज आम आदमी पार्टी का एकदिवसीय संकल्प शिविर पश्चिमी प्रांत के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में आयोजित किया गया, जिसमें पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठन को जनता के मुद्दों से जोड़ने का आह्वान किया।संजय सिंह ने अपने संबोधन में डॉ. राममनोहर लोहिया के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय से जुड़े विचारों की चर्चा करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में अपने 10 साल के शासन में जनहित से जुड़े जो कार्य किए हैं, उनकी तुलना भाजपा शासित किसी भी राज्य से नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य को केंद्र में रखकर सरकार चलाई गई और अब उत्तर प्रदेश में भी पार्टी जन सरोकार से जुड़े इन्हीं मुद्दों को लेकर संगठन को मज़बूती से खड़ा कर रही है।संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी आगामी जिला पंचायत चुनाव में पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी सिर्फ मंदिर-मस्जिद, हिंदू-मुस्लिम और सामाजिक वैमनस्य फैलाने का कार्य करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी शासित राज्यों में भ्रष्टाचारियों को बचाने का अभियान चलाया जा रहा है, जबकि आम आदमी पार्टी प्रशासनिक अत्याचार और अन्याय के खिलाफ सड़कों पर संघर्ष करेगी।शिविर में मौजूद चर्चित शिक्षाविद और आम आदमी पार्टी के नेता अवध ओझा ने भी बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार ‘मैक्सिको मॉडल’ पर काम कर रही है, जिसमें एक ही व्यक्ति के हाथों में सारे सरकारी संस्थानों और मीडिया का नियंत्रण केंद्रित कर दिया गया है। उन्होंने चुनावों में धनबल के दुरुपयोग, निजी स्कूल माफिया और उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की।अवध ओझा ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, “नेता या तो सदन में रहेगा या फिर सड़क पर” – यह वक्त जन सरोकारों के लिए संघर्ष का है।पूर्व विधायक दिलीप पांडेय और पार्टी के सोशल मीडिया प्रभारी विपिन पाठक ने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़ी स्थानीय समस्याओं को सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्मों पर प्रमुखता से उठाया जाए, ताकि पार्टी की आवाज़ हर नागरिक तक पहुंचे।शिविर के समापन पर पश्चिमी प्रांत के प्रभारी एडवोकेट सोमेन्द्र ढाका ने संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में जहां भी प्रशासनिक अन्याय हो रहा है, वहां आम आदमी पार्टी की टीम जनता के साथ मिलकर संघर्ष करेगी और न्याय सुनिश्चित करेगी।संकल्प शिविर ने साफ कर दिया कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में अब सिर्फ विकल्प नहीं, बल्कि संघर्षशील विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए तैयार है।
