
लखनऊ में नगर निगम का सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान: दर्जनों अतिक्रमण हटाए गए, जुर्माना भी वसूला गया
लखनऊ: नगर निगम द्वारा बुधवार को पूरे शहर में अतिक्रमण के खिलाफ एक सघन अभियान चलाया गया। महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देश और नगर आयुक्त गौरव कुमार के आदेश पर शहर के विभिन्न जोनों में एकसाथ अभियान संचालित हुआ, जिसमें अस्थायी दुकानों, ठेलों, गुमटियों, झोंपड़ियों और अवैध साइन बोर्डों को हटाया गया। साथ ही अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई और जुर्माने की वसूली भी की गई।चारबाग से विधानसभा मार्ग, डालीगंज से बंधा रोड, आलमबाग से पूरन नगर, तहसीनगंज से एलाइड हॉस्पिटल और मुर्गा मंडी समेत कई प्रमुख इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। नगर निगम की प्रवर्तन टीमों ने सड़कों के दोनों ओर फैले ढांचों को हटाकर यातायात और पैदल चलने वालों के मार्ग को सुगम बनाया।जोन-1 में राणा प्रताप चौराहा, केकेसी पेट्रोल पंप और विधानसभा मार्ग पर कार्रवाई करते हुए फ्लेक्स, टेबल और गुमटी जब्त की गईं। वहीं जोन-3 में डालीगंज से नवीन मंडी, ताड़ीखाना, बाल निकुंज स्कूल और गुडम्बा इलाके में 100 से अधिक ढांचों को हटाया गया। जोन-5 में आलमबाग चौराहे से पूरन नगर तक कार्रवाई कर कई ठेले, काउंटर और प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई। जोन-6 में तहसीनगंज से ठाकुरगंज और कैम्पल रोड से एलाइड हॉस्पिटल तक सड़क किनारे अवैध कब्जों को हटाया गया। वहीं जोन-8 में लॉ कॉलेज और श्रवण नगर की मुर्गा मंडी में कार्रवाई करते हुए 5000 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।नगर निगम ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और पुनः अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें और अभियान में नगर निगम का सहयोग करें। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित निरीक्षण व कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
