
अपना दल (सोनेलाल) में संगठनात्मक फेरबदल, अवध नरेश वर्मा महासचिव पद से कार्यमुक्त, रामनयन पटेल को मिली नई जिम्मेदारी
अपना दल (सोनेलाल) में संगठनात्मक फेरबदल, अवध नरेश वर्मा महासचिव पद से कार्यमुक्त, रामनयन पटेल को मिली नई जिम्मेदारी
लखनऊ: संगठन के अनुशासन और निरंतर सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रही अपना दल (सोनेलाल) ने आज एक अहम संगठनात्मक बदलाव की घोषणा की। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा जारी निर्देशानुसार, वरिष्ठ नेता अवध नरेश वर्मा को राष्ट्रीय महासचिव पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है। अब उन्हें पार्टी की सलाहकार समिति का सदस्य बनाया गया है, जहाँ वे संगठन को अपने अनुभव से मार्गदर्शन देंगे।उनकी जगह बस्ती जिले के सक्रिय एवं जमीनी नेता रामनयन पटेल को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव (मुख्यालय) मुन्नर प्रजापति द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।पार्टी के पंजीकृत कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह निर्णय संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। रामनयन पटेल को राष्ट्रीय महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया जाना पार्टी की युवा नेतृत्व को आगे लाने की दिशा में भी एक संकेत माना जा रहा है।अपना दल (एस) की यह नियुक्ति ऐसे समय पर की गई है जब पार्टी उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में अपने जनाधार को बढ़ाने की दिशा में लगातार सक्रिय है। संगठनात्मक बदलावों से पार्टी को न केवल आंतरिक स्तर पर मजबूती मिलेगी, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार भी होगा।
