
उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त, अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर लगाया गंभीर आरोप
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधी खुलेआम गोलियां चला रहे हैं और हत्याएं कर रहे हैं, जबकि उन्हें कानून का कोई डर नहीं है। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की नीतियों को दोषी ठहराते हुए कहा कि भाजपा शासन के कारण उत्तर प्रदेश अपराध प्रदेश बन गया है। उन्होंने भाजपा सरकार के ‘जीरो टॉलरेंस’ वाले दावे को पूरी तरह विफल करार दिया।अखिलेश यादव ने राजधानी लखनऊ की स्थिति पर चिंता जताते हुए बताया कि यहां भी लोग सुरक्षित नहीं हैं। दिनदहाड़े गोलीकांड और गैंगवार हो रही हैं। लखनऊ के सर्वोदय नगर में सड़क पर दौड़ाकर गोली मारी गई, वहीं पारा इलाके में प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर में दबंगों ने लाठियों-डंडों से हमला किया। मलिहाबाद में घर पर कब्जा करने के विरोध में एक महिला पर हमला हुआ। जौनपुर के जाफराबाद में पिता और दो बेटों की धारदार हथियारों से बेरहमी से हत्या कर दी गई। नोएडा में सिपाही सौरभ देशवाल की दबिश के दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर हत्या कर दी।सहारनपुर में छेड़छाड़ से परेशान दसवीं की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पूर्व से पश्चिम तक अपराधों की बढ़ती घटनाएं सरकार की नाकामी दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री के झूठे वादों से जनता तंग आ चुकी है।अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि जब भाजपा सरकार स्थायी डीजीपी तक नियुक्त नहीं कर पा रही है तो वह कानून व्यवस्था को कैसे संभालेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में अराजकता फैली है और महिलाएं, बच्चियां असुरक्षित हैं। हाल ही में एक बच्ची को अपनी जान बचाने के लिए ऑटो से कूदना पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। कई छात्राओं ने छेड़छाड़ से तंग आकर आत्महत्या कर ली है।अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की विफलताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध की स्थिति भयावह है और इसे सुधारने के लिए गंभीर प्रयासों की आवश्यकता है।
