
राज्य संग्रहालय और लखनऊ पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में टेराकोटा कला कार्यशाला का भव्य समापन, प्रतिभागियों की कलाकृतियों की लगी प्रदर्शनी
राज्य संग्रहालय और लखनऊ पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में टेराकोटा कला कार्यशाला का भव्य समापन, प्रतिभागियों की कलाकृतियों की लगी प्रदर्शनी
लखनऊ: राज्य संग्रहालय, लखनऊ (संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश) एवं लखनऊ पब्लिक स्कूल, वृंदावन योजना, सेक्टर-9 के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 11 दिवसीय टेराकोटा म्यूरल एवं मूर्ति कला कार्यशाला का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर कार्यशाला में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं की कलाकृतियों की एक विशेष प्रदर्शनी लखनऊ पब्लिक स्कूल परिसर में लगाई गई, जिसे उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने सराहा।कार्यशाला में लगभग 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने गौतम बुद्ध, शिव महादेव, नायिका, संगीतकार, सांकेतिक चिन्हों एवं पारंपरिक दृश्यों को टेराकोटा कला में जीवंत रूप दिया। यह कार्यशाला न केवल रचनात्मक अभिव्यक्ति का माध्यम बनी, बल्कि विद्यार्थियों को पारंपरिक भारतीय कला से जुड़ने और सीखने का अवसर भी प्रदान किया।समापन समारोह में राज्य संग्रहालय लखनऊ की सहायक निदेशक डॉ. मीनाक्षी खेमका, डॉ. अनीता चौरसिया, प्रमोद कुमार, परवेज़ खान एवं लखनऊ पब्लिक स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं राजेश कुमार, सोनी चौरसिया और संदीप कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रमुख कलाकार के रूप में ऋषभ कुमार ने मार्गदर्शन किया, जिनके निर्देशन में प्रतिभागियों ने अपनी कला को आकार दिया।समारोह में प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान छात्रों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने यह सिद्ध किया कि नवाचार और पारंपरिक कला के संगम से विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमताएं नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकती हैं।
