
ठाकुरगंज में मिक्की माउस झूले के भीतर मिला 12 वर्षीय बालक का शव, हादसे की आशंका
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के थाना ठाकुरगंज क्षेत्र स्थित दुर्गा देवी मार्ग पर उस समय सनसनी फैल गई जब मिक्की माउस झूले के भीतर एक 12 वर्षीय किशोर का शव मृत अवस्था में पाया गया। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे चौकी सतखंडा क्षेत्र में सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और देखा कि झूले के अंदर एक बालक मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। उसके पेट पर खरोंच और रगड़ के निशान पाए गए।
मृतक की पहचान कलमुद्दीन पुत्र कल्लू, उम्र लगभग 12 वर्ष, मूल निवासी जनपद हरदोई के रूप में हुई है। वह ठाकुरगंज क्षेत्र में अपनी बहन के यहां रहकर घंटा घर के आस-पास बोतलबंद पानी बेचने का काम करता था। स्थानीय लोगों और क्षेत्रीय निवासियों से पूछताछ के बाद उसकी पहचान सुनिश्चित की गई। परिजनों को सूचित करने की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बालक झूले के भीतर फंसकर उसकी मृत्यु हुई है, हालांकि स्पष्ट कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।मौके पर कानून व्यवस्था सामान्य है और पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस दुर्घटना ने स्थानीय प्रशासन और मनोरंजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
