
बकरीद से पहले नगर आयुक्त ने सफाई व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
लखनऊ: आगामी बकरीद पर्व को देखते हुए नगर आयुक्त गौरव कुमार ने गुरुवार शाम नगर निगम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जोन-6 और जोन-2 के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की। नगर आयुक्त ने साफ किया कि त्योहार के अवसर पर शहरवासियों को स्वच्छ और हाइजीनिक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने जोन-6 के बुनियाद बाग और कश्मीरी मोहल्ला वार्ड तथा जोन-2 के बिल्लौजपुरा क्षेत्र और राजा बाजार वार्ड का दौरा किया। उन्होंने पाया कि कुछ स्थानों पर सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार की आवश्यकता है। इस पर उन्होंने ज़ोनल अधिकारी, सैनेटरी अधिकारी और फूड इंस्पेक्टर को स्पष्ट निर्देश दिए कि लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समय में साफ-सफाई का कार्य पूर्ण किया जाए।श्री गौरव कुमार ने निर्देश दिए कि सभी संवेदनशील इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। नालियों की सफाई, कूड़े का नियमित उठान और सैनिटाइजेशन जैसे कार्यों को समयबद्ध तरीके से संपन्न किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगली निरीक्षण रिपोर्ट में कहीं भी गंदगी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, जोन-6 के स्थानीय पार्षद, जोनल अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। नगर निगम ने सभी जोनों को निर्देशित किया है कि बकरीद से पूर्व शहर के सभी इलाकों में विशेष सतर्कता के साथ सफाई कार्य संपन्न कराए जाएं।
