
विश्व पर्यावरण दिवस पर होमगार्ड्स मंत्री ने किया पौधरोपण, जनसहयोग से पर्यावरण संरक्षण की अपील
लखनऊ: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने बुधवार को मण्डलीय प्रशिक्षण केन्द्र, होमगार्ड लखनऊ में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे न केवल धरती को हरा-भरा बनाते हैं, बल्कि बढ़ते तापमान और वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।मंत्री प्रजापति ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए हर वर्ष बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाती है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष प्रदेश में विभिन्न विभागों के सहयोग से लगभग 36.8 करोड़ पौधे लगाए गए, जिससे धरती के बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने में मदद मिली। उन्होंने इस अवसर पर आमजन से अपील की कि वे पर्यावरण सुरक्षा के इस प्रयास में बढ़-चढ़कर भाग लें।उन्होंने कहा कि पृथ्वी को ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण के दुष्प्रभावों से बचाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। पौधरोपण जैसे अभियानों की सफलता जनसहयोग पर निर्भर करती है। उन्होंने लोगों से आवाहन किया कि वे विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं और उसका पालन-पोषण करें।इस दौरान उपस्थित अधिकारियों व कर्मियों को भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया और परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
