
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान तेज़, छह दिन तक चलेगी जिलाध्यक्षों और समन्वयकों की समीक्षा बैठक
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान तेज़, छह दिन तक चलेगी जिलाध्यक्षों और समन्वयकों की समीक्षा बैठक
लखनऊ: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में पूरे देश में चल रहे संगठन सृजन अभियान को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी अपनी तैयारियों में तेजी ला दी है। प्रदेश में संगठन निर्माण के तहत पांच स्तरीय ढांचे को मज़बूत करने और बूथ स्तर तक पार्टी को सक्रिय करने के लिए 14 जून से 19 जून तक प्रदेश भर के सभी ज़ोन के जिला एवं शहर अध्यक्षों तथा समन्वयकों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं।यह बैठकें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे की उपस्थिति में तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय की अध्यक्षता में होंगी। बैठकों का उद्देश्य संगठन निर्माण की प्रगति की समीक्षा करना और 100 दिनों के भीतर सभी स्तरों पर संगठन खड़ा करने के लक्ष्य को पूरा करना है।इन बैठकों में एआईसीसी के सचिव और उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी धीरज गुर्जर, राजेश तिवारी, सत्यनारायण पटेल, नीलांशु चतुर्वेदी, तौकीर आलम और प्रदीप नरवाल भी हिस्सा लेंगे।
बैठकों की शुरुआत 14 जून को पश्चिम ज़ोन से होगी, इसके बाद 15 जून को बृज ज़ोन, 16 जून को बुंदेलखंड ज़ोन, 17 जून को पूर्वांचल ज़ोन, 18 जून को अवध ज़ोन और 19 जून को प्रयाग ज़ोन की बैठकें होंगी।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि यह संगठनात्मक अभियान न केवल जमीनी स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाएगा, बल्कि कार्यकर्ताओं में नया जोश भी भरेगा। आगामी चुनावों की दृष्टि से यह अभियान पार्टी की रणनीति का अहम हिस्सा है।
