
लखनऊ में सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार, तीन मोटरसाइकिल बरामद
लखनऊ: राजधानी के ग्रामीण क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की माल व रहीमाबाद थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। तीन शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। आरोपी लंबे समय से लखनऊ और आसपास के इलाकों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस गिरफ्त में आए अभियुक्त चोरी की गई बाइकों की नंबर प्लेट हटाकर उन्हें सस्ते दामों में बेचने की फिराक में थे, तभी उन्हें दबोच लिया गया।पुलिस की गिरफ्त में आए अभियुक्तों की पहचान दिनेश कुमार उर्फ लाला (निवासी कलुवा खेड़ा, थाना रहीमाबाद), रामरतन (निवासी लोधखेड़ा, थाना माल), और निशांत (निवासी लोधखेड़ा, थाना माल) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने एक बाइक हरदोई के एक होटल से, दूसरी इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे से और तीसरी डालीगंज मेला क्षेत्र से चोरी की थी। तीनों बाइक – पैशन प्रो (UP30Y4791), स्प्लेंडर प्लस (UP34BJ1842), और स्प्लेंडर प्लस (UP32NX1970) – चोरी होने की पुष्टि संबंधित थानों में दर्ज मुकदमों के आधार पर की गई।गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला गया, जिसमें सामने आया कि दिनेश, रामरतन और निशांत के खिलाफ इटौंजा और माल थाने में पहले भी वाहन चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। इस गिरोह का तरीका यह था कि वे मेला, भीड़भाड़ वाले इलाके या बाजार से मोटरसाइकिल चोरी करते, फिर उनकी नंबर प्लेट हटाकर उन्हें दूर-दराज के इलाकों में बेच देते थे।पुलिस टीम ने और जानकारी जुटाने के लिए आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। तीनों के खिलाफ थाना माल पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वाहन चोरों की गिरफ्तारी में उप निरीक्षक मो. रोशन, उप निरीक्षक प्रिंस कुमार, उप निरीक्षक रजनीश कांत भारती व उनकी टीम की अहम भूमिका रही।पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी की मोटरसाइकिल हाल में चोरी हुई हो तो वह निकटतम थाने से संपर्क कर विवरण साझा करें, जिससे अगर बरामद बाइक उनके वाहन से मेल खाती है तो उन्हें वापस की जा सके।
