
गोसाईगंज में जिला कारागार के बाहर से बाइक चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, 6 घंटे में पुलिस ने की बरामदगी
गोसाईगंज में जिला कारागार के बाहर से बाइक चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, 6 घंटे में पुलिस ने की बरामदगी
लखनऊ: थाना गोसाईगंज पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए जिला कारागार के बाहर से चोरी की गई मोटरसाइकिल की वारदात को महज छह घंटे में सुलझा लिया। दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।जानकारी के अनुसार, वादी नीरज रावत निवासी ग्राम निजामपुर मझिगवां, थाना गोल्फ सिटी, 13 जून की सुबह लखनऊ के जिला कारागार में किसी जानने वाले बंदी से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी अपाचे मोटरसाइकिल (UP32-GY-1694) जेल गेट के बाहर खड़ी कर दी थी। मुलाकात के बाद बाहर आने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। काफी खोजबीन के बाद सफलता न मिलने पर उन्होंने थाना गोसाईगंज में प्राथमिकी दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मु.अ.सं. 282/25 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संदिग्धों और वाहनों की चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति एक मोटरसाइकिल को धक्का देकर सेमरापीतपुर गांव की ओर ले जा रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को रोका, जिनसे पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की बात स्वीकार कर ली।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जितेंद्र प्रसाद (निवासी बल्दीखेड़ा, थाना गोसाईगंज) और सुमित कुमार (निवासी भावाखेड़ा, थाना मोहनलालगंज) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि दिन में मोटरसाइकिल चोरी कर उसे झाड़ियों में छिपा दिया था। रात में बेचने ले जा रहे थे कि रास्ते में मोटरसाइकिल की चैन टूट गई, जिससे उन्हें धक्का देकर ले जाना पड़ रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।थाना गोसाईगंज की इस सफलता में उप निरीक्षक ऋषभ पांडेय, उप निरीक्षक धर्मपाल सिंह, कांस्टेबल दीपक शाह और कांस्टेबल यादुवेंद्रनाथ यादव शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
