diwali horizontal

उत्तर प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी पर अखिलेश यादव का हमला, अहमदाबाद विमान हादसे पर जताया शोक

0 64

उत्तर प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ती बेरोजगारी पर अखिलेश यादव का हमला, अहमदाबाद विमान हादसे पर जताया शोक

फर्रुखाबाद/कन्नौज: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बिजली संकट, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। फर्रुखाबाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधों की भरमार है और महिलाएं-बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। हर विभाग में भ्रष्टाचार और लूट-खसोट व्याप्त है।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश बिजली संकट की चपेट में है। भीषण गर्मी के बीच जनता बेहाल है, लेकिन सरकार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित नहीं कर पा रही। “भाजपा सरकार ने पिछले नौ वर्षों में बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए कोई काम नहीं किया। एक भी यूनिट बिजली नहीं बढ़ाई गई। अघोषित कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त है और किसान भी संकट में हैं,” अखिलेश ने कहा। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फसलों की खरीद में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है।पूर्व मुख्यमंत्री ने बेरोजगारी की समस्या पर बोलते हुए कहा कि युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही और सरकार लगातार सरकारी विभागों का निजीकरण कर रही है। “भाजपा सरकार आरक्षण को खत्म करने की साजिश कर रही है। समाजवादी पार्टी इन तमाम सवालों को लेकर जनता के बीच जा रही है और अन्याय व अत्याचार के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष कर रही है,” उन्होंने जोड़ा।फर्रुखाबाद से लौटते समय कन्नौज में पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “आज के तकनीकी युग में इस तरह की घटना का होना बेहद दुखद है। हादसे की जांच चल रही है, जांच के बाद ही पता चलेगा कि यह घटना कैसे हुई। हम यही प्रार्थना करते हैं कि भविष्य में फिर कभी ऐसा हादसा न हो।”

     

Leave A Reply

Your email address will not be published.