diwali horizontal

आयुष्मान योजना में घोटाले का आरोप: संजय सिंह ने योगी सरकार पर साधा निशाना, 10 करोड़ की गड़बड़ी का दावा

0 71

आयुष्मान योजना में घोटाले का आरोप: संजय सिंह ने योगी सरकार पर साधा निशाना, 10 करोड़ की गड़बड़ी का दावा

लखनऊ: आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र की आयुष्मान भारत योजना में बड़े घोटाले का खुलासा करते हुए योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बीते चार दिन पहले आयोजित एक प्रेसवार्ता में संजय सिंह ने कहा था कि आयुष्मान योजना के तहत केवल 22 दिनों में 6,239 फर्जी मरीजों के नाम पर 39 अस्पतालों को 10 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया, जबकि न कोई मरीज अस्तित्व में था और न ही उनका कोई इलाज हुआ।संजय सिंह ने आरोप लगाया कि यह घोटाला सरकार के संरक्षण में हुआ है और दोषी अस्पतालों के खिलाफ कार्यवाही के नाम पर केवल खानापूरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कुछ अस्पतालों से सिर्फ “रिकवरी” की प्रक्रिया शुरू कर दिखाने की कोशिश की है, लेकिन सच्चाई यह है कि अभी तक अधिकांश अस्पतालों से एक रुपये की वसूली नहीं हो सकी है।
राज्यसभा सांसद ने कहा, “योगी आदित्यनाथ की सरकार बेहद कमजोर साबित हो रही है। प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा चुकी है और भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। आयुष्मान योजना के नाम पर सत्ता संरक्षित अस्पतालों द्वारा जनता की गाढ़ी कमाई की खुली लूट हो रही है।”उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराई जाए। संजय सिंह का दावा है कि अगर प्रदेशभर में इस योजना की जांच की जाए तो हजारों करोड़ रुपये के और भी बड़े घोटाले उजागर होंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।

         

Leave A Reply

Your email address will not be published.