diwali horizontal

अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला: कहा, संविधान खतरे में, समाजवादी सरकार बनाएगी सामाजिक न्याय का राज

0 61

अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला: कहा, संविधान खतरे में, समाजवादी सरकार बनाएगी सामाजिक न्याय का राज

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान आज खतरे में है। भाजपा देश में नफरत फैलाने और समाजवादी सरकार के विकास कार्यों को नष्ट करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है।समाजवादी पार्टी के लखनऊ स्थित राज्य मुख्यालय में डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय और प्रांतीय पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अल्पसंख्यकों की अस्मिता, रोजगार और जीवन पर भाजपा की नज़र टेढ़ी है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को सचेत करते हुए कहा कि भाजपा धोखा देने में माहिर है, इसलिए समाजवादी कार्यकर्ता सावधान रहें।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान हुए विकास कार्यों को भाजपा ने या तो रोक दिया या बर्बाद कर दिया। भाजपा का एजेंडा विकास नहीं, विनाश है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब समाजवादी पार्टी की रणनीति के सामने टिक नहीं सकती, क्योंकि समाजवादी सरकार ने ही जनता को न्याय, सम्मान और अवसर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा निर्दोषों को झूठे मुकदमों में फंसा रही है और शासन व्यवस्था को तानाशाही बना चुकी है।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। सोने की कीमतें बढ़ रही हैं, छात्रों, नौजवानों और बेरोजगारों को कोई राहत नहीं मिल रही है। भाजपा जमीनों पर कब्जा कर रही है और चुनावों में धांधली कर सत्ता में बनी हुई है। उन्होंने बूथ स्तर पर सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि कार्यकर्ता वोटरों की सूची की जांच करें कि कहीं किसी का नाम कटा तो नहीं या फर्जी वोट तो नहीं है।अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश की दिशा तय करेगा और समाजवादी पार्टी संकल्पित है कि इस बार समाजवादी सरकार बनेगी, जिसमें सबको सम्मान मिलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी गड़बड़ी करेगा तो कार्रवाई तय है।बैठक में समाजवादी अल्पसंख्यक सभा की ओर से सामाजिक न्याय के राज की स्थापना, संविधान और आरक्षण की रक्षा, जातीय जनगणना करवा कर जनसंख्या के अनुपात में हक दिलाने का संकल्प लिया गया। साथ ही पीड़ित, वंचित, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और युवाओं के स्वाभिमान और सम्मान के लिए गांव-गांव, मोहल्ले-मोहल्ले जाकर संवाद और जागरूकता फैलाने का संकल्प भी दोहराया गया।इस बैठक में समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना इकबाल कादिरी, प्रांतीय अध्यक्ष शकील नदवी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल समेत अनेक सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.