
लखनऊ में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का सघन अभियान, कई क्षेत्रों में की गई सख्त कार्रवाई
लखनऊ: महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देश व नगर आयुक्त गौरव कुमार के आदेश पर नगर निगम लखनऊ द्वारा मंगलवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में अतिक्रमण विरोधी सघन अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाना था, ताकि आम नागरिकों को सुगम आवागमन और स्वच्छ वातावरण मिल सके।अभियान की शुरुआत जोन-1 क्षेत्र में हुई, जहां जोनल अधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में हनुमान मंदिर पार्क के भीतर बने अवैध ढांचों को हटाया गया और एक ट्रक सामान जब्त किया गया। इसके बाद स्वास्थ्य भवन से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय और कालीदास मार्ग से 1090 चौराहा तक फुटपाथ पर किए गए अस्थाई अतिक्रमण हटाए गए। इस अभियान में कर अधीक्षक विनय मौर्या, राजस्व निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह व संजय सिंह सहित प्रवर्तन विभाग की टीम 296 और अन्य अधिकारी शामिल रहे।जोन-3 में जोनल अधिकारी अमरजीत यादव, वार्ड पार्षद पृथ्वी गुप्ता व निरीक्षक संचिता मिश्र की देखरेख में पुरनिया चौराहे से आंचलिक विज्ञान केंद्र तक कार्रवाई की गई। नाले के ऊपर अवैध रूप से रखे गमले, पौधों, टट्टर और लकड़ी की बेंच हटाई गईं, वहीं नाले की सफाई कराई गई और 9000 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।जोन-6 क्षेत्र में जोनल अधिकारी मनोज यादव के नेतृत्व में भावानीगंज वार्ड की शिकायत पर पुराना हैदरगंज व बाजारखाला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया गया। बाजारखाला थाने से चरक चौराहे तक की गई कार्रवाई में 25 ठेले, 7 गुमटी और 20 अस्थाई दुकानों को हटवाया गया। इसके साथ ही तीन ठेले, एक तख्त, टायर, लोहे के स्टैंड, स्टूल, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मुर्गा रखने की जाली को भी जब्त किया गया। अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा न करने की सख्त चेतावनी दी गई और स्थानीय थाने को पत्र भेजकर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।नगर निगम की इस सख्त कार्रवाई ने यह संकेत दिया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
