
कांग्रेस ने शुरू की 2027 की विधानसभा चुनावी तैयारी, पूर्वांचल के जिलों में संगठन सृजन पर जोर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कमर कस ली है। संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने की रणनीति के तहत पूर्वांचल के जिलों की समीक्षा बैठक मंगलवार को सम्पन्न हुई। बैठक में तय किया गया कि टिकट वितरण में जिला कांग्रेस कमेटियों की राय को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे निचले स्तर तक कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार हो और चुनावी ज़मीन को मजबूती मिले।चौथे दिन आयोजित इस समीक्षा बैठक में सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, बलिया, संत कबीर नगर, अयोध्या और अंबेडकरनगर जिलों में संगठन सृजन अभियान की प्रगति का मूल्यांकन किया गया। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा मोना और सह प्रभारी सत्यनारायण पटेल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।पार्टी प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने जानकारी दी कि समीक्षा बैठक में जिला और शहर अध्यक्षों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। अविनाश पांडे ने सभी जिलों को समयबद्ध ढंग से ब्लॉक और बूथ कमेटियों के गठन के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो कार्यकर्ता निरंतर सक्रिय हैं, उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया जाएगा।अविनाश पांडे ने कहा कि जिला संगठन ही असली ज़मीनी ताकत है जो जनता से सीधा संवाद करता है, संघर्ष करता है और कैडर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए आगामी चुनाव में टिकटों के वितरण में उनकी राय सर्वोपरि मानी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व उन कार्यकर्ताओं को आगे लाना चाहता है जो वाकई संगठन के लिए समर्पित हैं।प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी स्पष्ट किया कि टिकट वितरण केवल उन्हीं लोगों को मिलेगा जिनकी सिफारिश जिला कमेटियां करेंगी। उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी के लिए ज़मीन पर काम कर रहे हैं, वही असली हकदार हैं। अजय राय ने यह भी कहा कि जिन्होंने संगठन को मज़बूत करने के लिए परिश्रम किया है, उनकी मेहनत का उचित मूल्यांकन होगा।बैठक में पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों से जुड़े स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई और तय किया गया कि इनमें से महत्वपूर्ण विषयों को पार्टी के आगामी घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, प्रदेश महासचिव अनिल यादव सहित सभी कॉर्डिनेटर और संबंधित जिलों के संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
