
ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा ही निष्पक्ष चुनाव की बुनियाद: नवदीप रिणवा
उन्नाव,लखनऊ: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को जिला निर्वाचन कार्यालय उन्नाव का निरीक्षण कर ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इन उपकरणों की सुरक्षा और पारदर्शिता स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला है।निरीक्षण के दौरान रिणवा ने स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सुरक्षा गार्ड कक्ष, ईवीएम, वीवीपैट, बैलेट यूनिट और कंट्रोल यूनिट की व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने पुराने सीसीटीवी फुटेज और गार्ड रजिस्टर का भी अवलोकन किया और निर्देश दिए कि सभी कैमरे 24 घंटे क्रियाशील रहेंगे और उनकी गुणवत्ता उच्च स्तर की हो ताकि रिकॉर्डिंग स्पष्ट और विश्वसनीय बनी रहे।उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम की स्थिति ऐसी होनी चाहिए कि बारिश, सीलन, दीमक आदि से ईवीएम और संबंधित उपकरण पूरी तरह सुरक्षित रहें। साथ ही स्ट्रांग रूम की वायरिंग, प्रकाश व्यवस्था और अग्निशमन यंत्र पूरी तरह दुरुस्त और क्रियाशील रहने चाहिए।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था के संदर्भ में पुलिस अधीक्षक को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है और यहां किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों की उपस्थिति की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान रिणवा ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि भारत का निर्वाचन तंत्र विश्व में सबसे अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची से जुड़े सुझाव राजनीतिक दलों से समय-समय पर लेकर उन पर त्वरित कार्रवाई की जाए।निरीक्षण के अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार गोंड सहित अनेक राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
