diwali horizontal

भाजपा सरकार पर अखिलेश यादव का तीखा हमला, कहा- “बुनियादी समस्याओं से कोई सरोकार नहीं, 2027 में यूपी से भाजपा की विदाई तय”

0 70

भाजपा सरकार पर अखिलेश यादव का तीखा हमला, कहा- “बुनियादी समस्याओं से कोई सरोकार नहीं, 2027 में यूपी से भाजपा की विदाई तय”

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि मौजूदा शासन में बुनियादी मुद्दों के समाधान में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महिलाओं की असुरक्षा जैसी समस्याएं चरम पर हैं, जबकि भाजपा सरकार समाज को धर्म और जाति के नाम पर बांटने में व्यस्त है।पार्टी के प्रदेश मुख्यालय स्थित डॉ. लोहिया सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शासन के 9 वर्ष पूरे होने को हैं, लेकिन विकास और सुशासन के नाम पर गिनाने के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार समाजवादी सरकार की योजनाओं को ही अपना बताकर जनता को गुमराह कर रही है।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा राज में आर्थिक असमानता भयावह रूप ले चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर एक प्रतिशत अमीरों के पास देश की 90 प्रतिशत पूंजी कैसे पहुंच गई? उन्होंने दावा किया कि भाजपा की विकास योजनाएं वास्तव में विनाशकारी नीतियों को बढ़ावा दे रही हैं।बिजली संकट और निजीकरण की नीतियों को लेकर भी अखिलेश यादव ने भाजपा पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं कर पाई, और निजीकरण की आड़ में आरक्षण व्यवस्था को खत्म करने की साजिश रच रही है।उन्होंने भाजपा को “भविष्यविहीन” पार्टी बताते हुए कहा कि उसके पास कोई दूरगामी दृष्टि नहीं है। भाजपा का पूरा एजेंडा समाज को विभाजित करने और नफरत फैलाने पर आधारित है। उन्होंने कहा, “भाजपा ने अपने पूरे कार्यकाल में झूठ और लूट के जरिए शासन किया है। लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है और 2027 में उत्तर प्रदेश से भाजपा की विदाई तय है।”अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और मोहल्लों तक समाजवादी विचारधारा और नीतियों को पहुंचाएं और लोगों को भाजपा के असली चेहरे से अवगत कराएं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.