diwali horizontal

पुरानी रंजिश में युवक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, बदले की आग में रची गई थी साजिश

0 77

पुरानी रंजिश में युवक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, बदले की आग में रची गई थी साजिश

लखनऊ: थाना मदेयगंज पुलिस ने बीते 28 जून को शिवनगर ढाल के पास हुए हत्या कांड का खुलासा करते हुए हत्या की पूरी साजिश और उसमें शामिल लोगों का पर्दाफाश कर दिया है। मृतक मोहम्मद साबिर की हत्या पुराने रंजिशन बदले की भावना से की गई थी, जिसकी साजिश रायबरेली से लेकर लखनऊ तक रची गई थी।थाना मदेयगंज में दर्ज एफआईआर के अनुसार, मोहम्मद वसीम निवासी रायबरेली ने शिकायत दी थी कि उसके भाई मोहम्मद साबिर (24) की चाकू, फावड़ा, हथौड़ी जैसे धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। जांच में सामने आया कि मृतक के पुराने दोस्त मोहम्मद राशिद ने षड्यंत्र के तहत उसे रायबरेली से लखनऊ बुलाया और शिवनगर ढाल के नीचे स्थित सईद अहमद के घर पर पहुंचाया। वहां पहले से मौजूद मुन्ना घोषी, उसका बेटा शादाब, भतीजा नसीम, मकान मालिक सईद अहमद और ड्राइवर अनिल सोनकर ने मिलकर मोहम्मद साबिर की बेरहमी से हत्या कर दी।पुलिस के अनुसार, इस पूरी साजिश की जड़ें वर्ष 2017 की उस घटना से जुड़ी हैं, जब मोहम्मद साबिर पर मुन्ना घोषी के बेटे पप्पू घोषी उर्फ अबुल वफा की हत्या का आरोप लगा था। तभी से मुन्ना घोषी, उसकी पत्नी शबाना, बेटा शादाब और अन्य परिजन साबिर की हत्या की योजना बना रहे थे। जेल में मोहम्मद साबिर की दोस्ती राशिद से हुई थी और इसी दोस्ती का फायदा उठाकर राशिद को चार लाख रुपये का लालच देकर इस साजिश में शामिल किया गया। हत्या से पहले उसे कुछ नगद धनराशि भी दी गई थी।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना से पहले ड्राइवर अनिल सोनकर द्वारा सभी आरोपियों को कार से घटनास्थल तक पहुंचाया गया। निगरानी की जिम्मेदारी भी अनिल और सईद अहमद को सौंपी गई थी। हत्या के बाद सभी आरोपी फरार हो गए, हालांकि सईद अहमद मौके पर ही पकड़ लिया गया।थाना मदेयगंज पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मोहम्मद राशिद उर्फ शाबान, मकान मालिक सईद अहमद और शबाना (मुन्ना घोषी की पत्नी) शामिल हैं। वहीं मुख्य आरोपी मुन्ना घोषी को अदालत में पेश किया जा चुका है। अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश की जा रही है, जिनमें शादाब, अनिल सोनकर, नसीम, खुर्शीद (लोडर), सैमी उर्फ अबुल फजल और तैमीर शामिल हैं। इन सभी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह, उपनिरीक्षक अमरनाथ, इरफान अहमद, महिला उपनिरीक्षक सकीना खान, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह और कांस्टेबल विकास कुमार शामिल रहे।पुलिस ने बताया कि मोहम्मद राशिद पर पहले से ही रायबरेली में हत्या के एक मामले में मुकदमा दर्ज है। अब उसके खिलाफ लखनऊ में भी हत्या और साजिश के गंभीर आरोपों में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.