diwali horizontal

लखनऊ नगर निगम का “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान: मंत्री सुरेश खन्ना और महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया वृहद वृक्षारोपण

0 87

लखनऊ नगर निगम का “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान: मंत्री सुरेश खन्ना और महापौर सुषमा खर्कवाल ने किया वृहद वृक्षारोपण

लखनऊ: लखनऊ नगर निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता और मातृ-सम्मान के उद्देश्य से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत मंगलवार को दो स्थलों पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम रिवर बैंक कॉलोनी स्थित दत्तात्रेय अनंत कुलकर्णी पार्क और कुड़िया घाट स्थित पार्क में सम्पन्न हुआ।उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने स्वयं पहुंचकर पौधारोपण किया। उनके साथ लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल भी मौजूद रहीं। दोनों स्थलों पर मंत्री और महापौर ने विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए। रिवर बैंक कॉलोनी पार्क में मंत्री ने नीम का पौधा लगाया जबकि महापौर ने सिंदूर का पौधा रोपा। इस अवसर पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी तथा उद्यान अधीक्षक भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
कुड़िया घाट स्थित पार्क में मंत्री ने पीपल का पौधा लगाया, जो धार्मिक और पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण है। महापौर ने फिर से सिंदूर का पौधा रोपित किया। इस कार्यक्रम में पार्षद अनुराग मिश्रा सहित नगर निगम के अधिकारीगण भी उपस्थित थे और उन्होंने पौधारोपण किया।नगर निगम के उद्यान अधीक्षक ने बताया कि दोनों स्थलों पर कुल 200 पौधे लगाए गए, जिनमें आम, अमरूद, सिंदूर बेल, आंवला, पीपल, नीम, जामुन, कचनार, बरगद, रुद्राक्ष, पारिजात, अर्जुन समेत कई औषधीय, फलदार और छायादार प्रजातियां शामिल हैं। यह अभियान पर्यावरण की सुरक्षा के साथ-साथ माँ के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का भी प्रयास है।मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि यह अभियान केवल पौधा लगाने का कार्य नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ हमारा जुड़ाव और मातृत्व भाव की अभिव्यक्ति है। उन्होंने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए सभी नागरिकों से इस अभियान में सहभागिता करने का आग्रह किया।महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ माँ को सम्मान देने का भाव भी है। उन्होंने सभी नागरिकों से कम से कम एक पौधा अपनी माँ के नाम लगाकर इस नेक कार्य में जुड़ने का आग्रह किया।यह कार्यक्रम लखनऊ नगर निगम की ओर से पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरक कदम माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.