diwali horizontal

ओबीसी युवाओं के लिए खुशखबरी: ‘ओ’ लेवल और सीसीसी प्रशिक्षण योजना की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 21 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन

0 87

ओबीसी युवाओं के लिए खुशखबरी: ‘ओ’ लेवल और सीसीसी प्रशिक्षण योजना की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 21 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार अन्य पिछड़े वर्ग (ओबीसी) के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें रोजगार योग्य बनाने के अपने मिशन में लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित ‘ओ’ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना की ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि अब बढ़ाकर 21 जुलाई 2025 कर दी गई है। पहले यह तिथि 14 जुलाई निर्धारित की गई थी।इस संबंध में प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने बताया कि यह योजना ओबीसी वर्ग के उन युवक-युवतियों के लिए है, जो कक्षा 12 उत्तीर्ण कर चुके हैं और तकनीकी दक्षता हासिल कर आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस योजना का भरपूर लाभ लें और तकनीकी कौशल के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाएं।निदेशक डॉ. वंदना वर्मा ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार obccomputertraining.upsdc.gov.in पोर्टल पर 21 जुलाई 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद स्वहस्ताक्षरित हार्डकॉपी तथा आवश्यक प्रमाण पत्रों की प्रिंट कॉपी संबंधित जिले के जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय में 21 जुलाई की शाम 5 बजे तक अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी।प्रशिक्षण भारत सरकार की संस्था नीलिट (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से कराया जाएगा। दस्तावेजों का परीक्षण और पात्रता निर्धारण 31 जुलाई 2025 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 1 से 5 अगस्त 2025 के बीच चयनित अभ्यर्थियों को संस्थानों में प्रवेश दिलाया जाएगा। इसी अवधि में प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों को भी प्रवेश का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 6 अगस्त 2025 से किया जाएगा।राज्य सरकार की यह पहल डिजिटल दक्षता की दिशा में पिछड़े वर्ग के युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। योजना न केवल कंप्यूटर शिक्षा प्रदान करेगी, बल्कि युवाओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने में भी सहायक बनेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.