
पूर्व मुख्यमंत्री चंद्र भानु गुप्ता की जयंती पर कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अर्पित की श्रद्धांजलि, बताया कांग्रेस का मजबूत स्तम्भ
पूर्व मुख्यमंत्री चंद्र भानु गुप्ता की जयंती पर कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने अर्पित की श्रद्धांजलि, बताया कांग्रेस का मजबूत स्तम्भ
लखनऊ: भारत के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय चंद्र भानु गुप्ता की जयंती के अवसर पर सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके योगदान को याद किया।इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि स्वर्गीय चंद्र भानु गुप्ता न केवल उत्तर प्रदेश कांग्रेस के बल्कि संपूर्ण कांग्रेस संगठन के एक मजबूत स्तम्भ थे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और अपने कार्यों, नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता से प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में एक सशक्त पहचान बनाई।अजय राय ने कहा कि चंद्र भानु गुप्ता ने कांग्रेस संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए पार्टी को मजबूती दी। उनके कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में जनहित और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। उनका व्यक्तित्व प्रेरणादायक था और उनका योगदान हमेशा कांग्रेसजनों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में राजेश जायसवाल, अब्दुला शेर खान, पंडित अनोखेलाल तिवारी, एडवोकेट अजहर फैज सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान चंद्र भानु गुप्ता के राजनीतिक दर्शन, संगठन क्षमता और समाज के प्रति उनके समर्पण भाव को भी याद किया गया। सभी नेताओं ने एक स्वर में उनके आदर्शों को अपनाने और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
