diwali horizontal

गौशालाओं की व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु 15 से 30 जुलाई तक वृहद निरीक्षण अभियान, मंत्री धर्मपाल सिंह ने दिए कड़े निर्देश

0 68

गौशालाओं की व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु 15 से 30 जुलाई तक वृहद निरीक्षण अभियान, मंत्री धर्मपाल सिंह ने दिए कड़े निर्देश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने प्रदेश की सभी गौशालाओं की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और वर्षा ऋतु में गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 15 जुलाई से 30 जुलाई तक वृहद निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस दौरान गौशालाओं की चारा, भूसा, पानी, प्रकाश, बिजली, बैठने की व्यवस्था, औषधियों और वर्षा से बचाव की सुविधाओं की गहन जांच की जाएगी और किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर तत्काल कार्रवाई होगी।मंत्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार को विधान भवन स्थित अपने कार्यालय में पशुधन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों से कहा कि निरीक्षण कार्य के लिए वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड में जाएं और समस्याओं का मौके पर निराकरण करें। उन्होंने यह भी कहा कि वर्षा ऋतु में अक्सर गोवंश सड़कों पर आ जाते हैं जिससे दुर्घटनाओं की आशंका रहती है, इसलिए रेडियम बेल्ट लगाने का अभियान तेज किया जाए।बैठक में मंत्री ने वृक्षारोपण अभियान के तहत 7.26 लाख पौधे रोपने के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जहां भी पौधे रोपे जाएं, वहां ट्री गार्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं और इसके लिए जिला प्रशासन से सहयोग लिया जाए। गौशालाओं में चबूतरों के निर्माण के लिए मनरेगा का उपयोग किए जाने की बात भी उन्होंने कही।उन्होंने निर्देशित किया कि गौवंश की पहचान और निगरानी के लिए ईयर टैगिंग का कार्य गंभीरता से किया जाए और भारत सरकार द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित हो। साथ ही उन्होंने गोवंश को बीमारियों से बचाने के लिए शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने और दवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।मंत्री धर्मपाल सिंह ने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि भूसे का प्रबंधन व्यवस्थित ढंग से किया जाए और कार्यों में लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित 7606 गोआश्रय स्थलों में वर्तमान में 12,36,249 निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं, जिनके भरण-पोषण की जिम्मेदारी सरकार गंभीरता से निभा रही है। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि चारागाह की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराकर वहां हरा चारा बोया जाए।बैठक में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमित कुमार घोष ने आश्वस्त किया कि मंत्री द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को गोशालाओं में वर्षा के कारण जलभराव न होने देने, साफ-सफाई बनाए रखने और मृत गोवंश के शवों के तत्काल निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।बैठक में विभाग के विशेष सचिव देवेंद्र पांडे, निदेशक प्रशासन एवं विकास योगेंद्र पवार, निदेशक रोग नियंत्रण राजीव सक्सेना, एलडीवी के सीईओ डॉ. पी.के. सिंह, संयुक्त निदेशक पी.के. सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.