
भ्रष्टाचार पर बरसे अखिलेश यादव, कहा– टूटती टंकियां, दरकती सड़कें, डूबता शासन, 2027 में जनता करेगी बदलाव
भ्रष्टाचार पर बरसे अखिलेश यादव, कहा– टूटती टंकियां, दरकती सड़कें, डूबता शासन, 2027 में जनता करेगी बदलाव
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन के हर स्तर पर लूट मची है और निर्माण कार्यों में कमीशनखोरी के चलते कोई भी परियोजना गुणवत्ता के मानकों पर खरी नहीं उतर रही।अखिलेश यादव ने कहा कि जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत बनाई गई पानी की टंकियां जिलों में टूट रही हैं, पाइप लाइनें फट रही हैं और सड़कें दरक रही हैं। उन्होंने कहा कि अब पुल और पुलियां भी ढह रही हैं, जिससे साफ है कि भाजपा सरकार में जनता के टैक्स के पैसे की खुली लूट हो रही है।उन्होंने हाल की बरसात में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर आई दरारों को उदाहरण बताते हुए कहा कि सात हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली इस सड़क का भ्रष्टाचार अब उजागर हो गया है। वहीं चित्रकूट में करोड़ों रुपये से बने पुलों के अप्रोच मार्ग बरसात में धंस गए। अखिलेश यादव ने कहा, “भाजपा सरकार में झूठी बयानबाजी और कागजी बैठकों के अलावा कुछ नहीं हो रहा है।”भ्रष्टाचार के और उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन, ट्रांसफर-पोस्टिंग में लेन-देन, निवेश परियोजनाओं में कमीशनखोरी और थानों-तहसीलों में व्याप्त रिश्वतखोरी भाजपा सरकार के संरक्षण में फल-फूल रही है।लखनऊ में नाले-नालियों की सफाई में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि राजधानी में हल्की बारिश होते ही जलभराव की स्थिति बन जाती है। उन्होंने ठाकुरगंज क्षेत्र की उस घटना को हृदयविदारक बताया जिसमें सुरेश लोधी की नाले में गिरने से मौत हो गई। उन्होंने इसे शासन की लापरवाही और भाजपा सरकार की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा बताया।अखिलेश यादव ने अंत में कहा कि जनता अब भाजपा सरकार की हकीकत पहचान चुकी है। “2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा के भ्रष्टाचारी शासन को हटाकर विकास के एक नए युग की शुरुआत करेगी,” उन्होंने विश्वास के साथ कहा।
